Rohit Sharma Back In Form : भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा लंबे समय बाद फॉर्म में आ गए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ कटक वनडे में उनका वही अंदाज देखने को मिला जिसके लिए वो जाने जाते हैं। रोहित शर्मा ने इस मैच में शुरुआत से ही ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने अपने अंदाज में चौके-छक्के लगाए और मात्र 30 गेंद पर ही अर्धशतक लगा दिया। रोहित शर्मा का वनडे में यह संयुक्त रूप से तीसरा सबसे तेज अर्धशतक है।
रोहित शर्मा पिछले काफी समय से खराब फॉर्म में चल रहे थे। उनका औसत काफी नीचे चला गया था। वो लगातार फ्लॉप हो रहे थे। खासकर ऑस्ट्रेलिया टूर के दौरान तो उनका बल्ला एकदम खामोश रहा था। इसी वजह से उनके संन्यास की भी बात चलने लगी थी लेकिन रोहित ने रिटायरमेंट से इंकार कर दिया। इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में भी रोहित शर्मा फ्लॉप रहे थे और इसी वजह से उनकी आलोचना और भी तेज हो गई थी।
रोहित शर्मा ने मात्र 30 गेंद पर जड़ा अर्धशतक
हालांकि दूसरे वनडे मैच में रोहित शर्मा ने जबरदस्त वापसी की। उनका वही पुराना अंदाज दिखा जिसके लिए वो जाने जाते हैं। रोहित शर्मा ने साकिब महमूद की गेंद पर कवर के ऊपर से जबरदस्त छक्का लगाया। इसे देखकर लगा कि रोहित अब पूरी तरह से अपनी लय में वापिस आ चुके हैं। रोहित ने मात्र 30 गेंद पर अर्धशतक लगाया। उनके वनडे करियर का यह संयुक्त रूप से तीसरा सबसे तेज अर्धशतक है।
रोहित शर्मा ने तोड़ा राहुल द्रविड़ का बड़ा रिकॉर्ड
रोहित शर्मा ने इस मैच में अपनी धुआंधार पारी से एक बड़ा रिकॉर्ड भी बना दिया। वो अब टीम इंडिया के लिए ओवरऑल वनडे में चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने अपने करियर में कुल मिलाकर 10889 रन बनाए थे। अब रोहित शर्मा उनसे आगे निकल गए हैं। इस तरह रोहित शर्मा ने बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है।
आपको बता दें कि चैंपियंस ट्रॉफी से पहले रोहित शर्मा का फॉर्म में आना टीम इंडिया के लिए अच्छा संकेत है। भारतीय टीम को उनसे इसी तरह की पारियों की जरूरत है।