Rohit Sharma Break Sachin Tendulkar Record : भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ कटक में खेले गए दूसरे वनडे मैच में तूफानी शतक जड़ा। इसके साथ ही उन्होंने कई सारे बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए। उन्होंने काफी जबरदस्त बल्लेबाजी इस मुकाबले में की। रोहित शर्मा की इस पारी को देखकर लगा कि वो अपने पुराने फॉर्म में आ गए हैं। वहीं रोहित शर्मा ने कटक में शतक लगाकर महान सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा कीर्तिमान भी ध्वस्त कर दिया है।
रोहित शर्मा का इस मुकाबले में वही पुराना अंदाज देखने को मिला। उन्होंने आते ही शुरुआत से ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी की। रोहित ने सबसे पहले 30 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद उन्होंने 76 गेंद पर अपना शतक भी पूरा कर लिया। रोहित शर्मा ने अपनी इस शतकीय पारी के दौरान 12 चौके और 7 छक्के लगाए।
रोहित शर्मा के वनडे करियर का यह 32वां शतक है। रोहित शर्मा ने अपनी इस धुआंधार शतकीय पारी के दौरान कई बड़े रिकॉर्ड भी बनाए। उन्होंने शतकों के मामले में महान सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया है। अब रोहित शर्मा 30 साल की उम्र के बाद भारत के लिए सबसे ज्यादा इंटरनेशनल शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 36 शतक टीम इंडिया के लिए 30 की उम्र के बाद जड़ दिए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था जिन्होंने 35 शतक टीम इंडिया के लिए 30 की उम्र के बाद जड़े थे। हालांकि रोहित शर्मा उनसे आगे निकल गए हैं। विराट कोहली भी इस लिस्ट में हैं। उन्होंने 19 शतक 30 की उम्र के बाद जड़े हैं।
इसके अलावा एक और बड़ा कीर्तिमान भी रोहित शर्मा ने अपने नाम कर लिया है। वो वनडे में सबसे ज्यादा उम्र में शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 37 साल 285 दिन की उम्र में अपना 32वां वनडे शतक जड़ा। इस मामले में सचिन तेंदुलकर पहले नंबर पर हैं जिन्होंने 38 साल 327 दिन की उम्र में भारत के लिए वनडे शतक जड़ा था। दूसरे नंबर पर सुनील गावस्कर हैं। उन्होंने 38 साल 113 दिन की उम्र में यह कारनामा किया था।