दक्षिण अफ्रीका को मामूली स्कोर पर समेटकर भारत ने ली बड़ी बढ़त 

IND vs SA, 1st Test (Photo - Getty Images)
IND vs SA, 1st Test (Photo - Getty Images)

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सेंचुरियन में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच (IND vs SA) के तीसरे दिन का खेल समाप्त हो चुका है। स्टंप्स तक भारत ने दूसरी पारी में 16/1 का स्कोर बना लिया था। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 197 रन पर सिमट गयी थी। भारत की कुल बढ़त 146 रन की हो गयी है। क्रीज़ पर केएल राहुल 5 तथा शार्दुल ठाकुर 4 रन बनाकर नाबाद थे।

पहला सत्र

इससे पहले भारत ने पहले दिन 3 विकेट के नुकसान पर 272 रन का स्कोर बनाया था और दूसरा दिन बारिश की भेंट चढ़ गया था। हालांकि तीसरे दिन की शुरुआत भारत के लिए खास नहीं रही और केएल राहुल 123 रन बनाकर रबाडा की गेंद पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद नियमित रूप से विकेटों का पतन जारी रहा। अजिंक्य रहाणे भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और 48 रन बनाकर एनगीडी की गेंद पर आउट हुए। ऋषभ पंत भी 8 रन का ही योगदान दे पाए। इस तरह भारत की पूरी पारी 105.3 ओवर में 327 के स्कोर पर सिमट गयी। आज भारत ने महज 55 रन जोड़े और अपने शेष 7 विकेट गंवाए। दक्षिण अफ्रीका के लिए एनगीडी ने 6 विकेट और कगिसो रबाडा ने 3 विकेट चटकाए।

जवाब में दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत भी खराब रही और टीम को पहला झटका 2 रन के स्कोर पर लगा। डीन एल्गर 1 रन के निजी स्कोर पर जसप्रीत बुमराह का शिकार बने। लंच के समय तक दक्षिण अफ्रीका ने 7 ओवर में 21/1 का स्कोर बना लिया था। इस सत्र में 22.3 ओवर का खेल देखने को मिला और इस दौरान 8 विकेट के नुकसान पर 76 रन बने।

IND vs SA, 1st Test (Photo - Getty Images)
IND vs SA, 1st Test (Photo - Getty Images)

दूसरा सत्र

लंच के बाद मोहम्मद शमी ने कीगन पीटरसन को 15 रन के निजी स्कोर पर आउट कर दक्षिण अफ्रीका को दूसरा झटका दिया। इसके बाद 30 रन के स्कोर पर शमी ने एडेन मार्कराम भी चलता किया, जो 13 रन के निजी स्कोर पर आउट हुए। रसी वैन डर डूसन 3 रन का ही योगदान दे पाए और मोहम्मद सिराज की गेंद पर आउट हुए। 32 रन पर चार विकेट के बाद प्रोटियाज टीम के लिए टेम्बा बवुमा और क्विंटन डी कॉक ने भारतीय गेंदबाजों का अच्छे से सामना किया और दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 72 रन जोड़े। इस साझेदारी को शार्दुल ठाकुर ने डी कॉक को 34 रन के निजी स्कोर पर आउट कर तोड़ा। चाय तक दक्षिण अफ्रीका ने 38 ओवर में 109/5 का स्कोर बना लिया था। इस सत्र में दक्षिण अफ्रीका ने 31 ओवर में 88 रन बनाए और 4 विकेट गंवाए। टेम्बा बवुमा 31 और वियान मुल्डर 4 रन बनाकर नाबाद थे।

IND vs SA, 1st Test (Photo - Getty Images)
IND vs SA, 1st Test (Photo - Getty Images)

तीसरा सत्र

चाय के बाद दक्षिण अफ्रीका ने अपना छठवां विकेट मुल्डर के रूप में गंवाया, वह 12 रन के निजी स्कोर पर आउट हुए। इस बीच टेम्बा बवुमा ने अच्छी बल्लेबाजी जारी रखी और अपना अर्धशतक पूरा किया। बवुमा 52 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद आखिर में रबाडा ने 25 रन का योगदान दिया। इस तरह दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 62.3 ओवर में 197 रन पर सिमट गयी। भारत के लिए मोहम्मद शमी ने सर्वाधिक 5 विकेट चटकाए।

130 रन की बढ़त के साथ भारत ने दूसरी पारी शुरू की। हालांकि टीम की खराब शुरुआत रही और पहली पारी में अच्छी बल्लेबाजी करने वाले मयंक अग्रवाल 4 रन बनाकर मार्को जानसेन का शिकार बने। दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने 6 ओवर में 16/1 का स्कोर बना लिया था। अंतिम सत्र में 104 रन बने और कुल 6 विकेट गिरे।

Quick Links