युजवेंद्र चहल की घातक गेंदबाजी, भारत ने दक्षिण अफ्रीका को बड़े अंतर से हराया

चहल ने इस बार दक्षिण अफ़्रीकी बल्लेबाजों को मौका नहीं दिया
चहल ने इस बार दक्षिण अफ़्रीकी बल्लेबाजों को मौका नहीं दिया

भारतीय टीम (Indian Team) ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका (South Africa) को तीसरे टी20 मुकाबले में 48 रनों से हरा दिया। हालांकि दक्षिण अफ़्रीकी टीम अब भी सीरीज में आगे है। पहले खेलते हुए टीम इंडिया ने 5 विकेट पर 179 रन बनाए। जवाब में खेलते हुए दक्षिण अफ़्रीकी टीम पांच गेंद शेष रहते 131 रन बनाकर आउट हो गई। इस तरह टीम इंडिया ने 48 रनों से मैच जीत लिया।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने बेहतरीन शुरुआत की। टीम इंडिया के लिए इशान किशन और ऋतुराज गायकवाड़ ने पहले विकेट के लिए 97 रनों की भागीदारी की। गायकवाड़ 35 गेंद में 57 रन बनाकर आउट हो गए। श्रेयस अय्यर 14 रन बनाकर चलते बने। उनके बाद इशान किशन भी 35 गेंद में 54 रन बनाकर आउट हो गए। यहाँ से ऋषभ पन्त और दिनेश कार्तिक भी 6-6 रन बनाकर चलते बने। भारतीय टीम की रन गति भी कम हो गई। हालंकि हार्दिक पांड्या ने एक छोर पर खड़े होकर रन बनाने का प्रयास किया। उन्होंने 21 गेंद में नाबाद 31 रन बनाकर टीम का स्कोर 5 विकेट पर 179 रन तक पहुँचाया। ड्वेन प्रिटोरियस ने सबसे ज्यादा 2 विकेट झटके।

जवाबी पारी में खेलते हुए दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत खराब रही और टेम्बा बवुमा 8 रन बनाकर आउट हो गए। उनके बाद रीज हेंड्रिक्स भी 23 रन के निजी स्कोर पर चलते बने। प्रिटोरियस ने कुछ अच्छे शॉट जड़े लेकिन उनको चहल ने चलता किया। रैसी वैन डर डुसेन और डेविड मिलर फ्लॉप रहे। दोनों क्रमशः 1 और 3 रन बनाकर आउट हो गए। इस तरह रन बनाने का पूरा जिम्मा हेनरिक क्लासेन के कन्धों पर आ गया। उन्होंने प्रयास भी किया लेकिन सफल नहीं रहे और 29 रन के निजी स्कोर पर चलते बने। इस तरह दक्षिण अफ़्रीकी टीम अंतिम ओवर की पहली गेंद पर 131 रन बनाकर सिमट गई। भारत के लिए युजवेंद्र चहल ने 3 और हर्षल पटेल ने 4 विकेट झटके।

संक्षिप्त स्कोर

भारत: 179/5

दक्षिण अफ्रीका: 131/10

Quick Links

Edited by Naveen Sharma
App download animated image Get the free App now