INDvSL: पहले एकदिवसीय में बने सभी आंकड़ों पर एक नज़र

श्रीलंका ने धर्मशाला में खेले गए पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय में भारत को 7 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 112 रन बनाये, जिसके जवाब में श्रीलंका ने 21वें ओवर में सिर्फ तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। 10 ओवरों में सिर्फ 13 रन देकर चार विकेट लेने वाले सुरंगा लकमल को मैन ऑफ़ द मैच चुना गया। आइये नज़र डालते हैं पहले एकदिवसीय में बने सभी आंकड़ों पर: # भारतीय टीम सिर्फ 112 रन बनाकर ऑल आउट हुई। ये भारत में भारत का तीसरा सबसे कम स्कोर है। रिकॉर्ड 78 रनों का है, जो भारत ने श्रीलंका के खिलाफ 1986 में कानपुर में बनाया था। 1993 में वेस्टइंडीज के खिलाफ भारतीय टीम अहमदाबाद में 100 रन बनाकर ऑल आउट हुई थी। # महेंद्र सिंह धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 16000 रन पूरे किये और सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, सौरव गांगुली, वीरेंदर सहवाग और विराट कोहली के बाद यह रिकॉर्ड बनाने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज बने। इसके अलावा विश्व क्रिकेट में कुमार संगकारा के बाद ऐसा करने वाले सिर्फ दूसरे विकेटकीपर-बल्लेबाज बने। धोनी ने एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय में अपना 67वां अर्धशतक भी लगाया। # भारत के 112 के स्कोर में धोनी ने 65 रन बनाये और उनका योगदान 58.03% रहा। भारत की तरफ से इससे बेहतर रिकॉर्ड सिर्फ कपिल देव (65.78%, 266/8 में 175* vs ज़िम्बाब्वे, 1983), रोहित शर्मा (65.34%, 404/5 में 264 vs श्रीलंका, 2014) और सौरव गांगुली (58.62%, 261/5 में 153* vs न्यूजीलैंड,1999) के नाम है। इस मामले में विश्व रिकॉर्ड सर विवियन रिचर्ड्स (69.48%, 272/9 में 189* vs इंग्लैंड, 1984) के नाम दर्ज है। # श्रीलंकाई टीम ने कुल मिलाकर 13 मेडेन ओवर डाले और भारत के खिलाफ एक पारी में यह सबसे ज्यादा मेडेन ओवर का रिकॉर्ड है। इससे पहले रिकॉर्ड 12 मेडेन (इंग्लैंड vs भारत, लॉर्ड्स 1975 और न्यूजीलैंड vs भारत, ऑकलैंड 1980) का था। # भारतीय टीम ने अपने पहले 5 विकेट सिर्फ 16 के स्कोर पर गँवा दिए और ये एक नया रिकॉर्ड है। इससे पहले रिकॉर्ड 1983 विश्व कप में ज़िम्बाब्वे (17/5) के खिलाफ बना था। इसके अलावा भारत ने पहले 6 विकेट 28 के स्कोर पर गँवाए और इससे पहले रिकॉर्ड 39 का था, जो , 2000 में श्रीलंका के खिलाफ ही शारजाह में बना था। पहले सात विकेट गिरने के मामले में भी नया भारतीय रिकॉर्ड (29/7) बना और इससे पहले रिकॉर्ड 43 का था, जो 2005 में न्यूजीलैंड के खिलाफ बुलावायो में बना था। # भारत ने पहले पावरप्ले के 10 ओवरों में सिर्फ 11 रन बनाये और ये एक नया विश्व रिकॉर्ड है। # भारत के टॉप 5 बल्लेबाजों ने मिलकर सिर्फ 13 रन बनाये और ये भी एक नया भारतीय रिकॉर्ड है। इससे पहले रिकॉर्ड 15 रनों (vs ज़िम्बाब्वे, टनब्रिज वेल्स 1983) का था। # दिनेश कार्तिक 18 गेंद खेलकर 0 पर आउट हुए और बिना कोई रन बनाये सबसे ज्यादा गेंद खेलकर आउट होने के मामले में ये नया भारतीय रिकॉर्ड है। इससे पहले रिकॉर्ड एकनाथ सोलकर (17 गेंद, vs इंग्लैंड, ओवल 1974) के नाम था। # भारतीय पारी में चार बल्लेबाज 0 पर आउट हुए और रिकॉर्ड की बराबरी हुई। इससे पहले भारत की तरफ से ये रिकॉर्ड चार बार बना था। 2011 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नागपुर में, 2009 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गुवाहाटी में, 1997 में पाकिस्तान के खिलाफ हैदराबाद (सिंध) में और 1995 में पाकिस्तान के ही खिलाफ भारत के चार बल्लेबाज खाता खोले बिना आउट हुए थे। # श्रीलंका को लगातार 12 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय में हार मिलने के बाद आख़िरकार जीत नसीब हुई। इस दौरान भारत और पाकिस्तान ने उन्हें 5-5 और ज़िम्बाब्वे ने दो मैचों में हराया था। # 2017 में भारत को सिर्फ श्रीलंका ने ही अभी तक एक से ज्यादा मैचों में हराया है। # श्रीलंका ने 176 गेंदें शेष रहते हुए भारत को हराया और ये बचे हुए गेंद के मामले में भारत की तीसरी सबसे बड़ी हार है। रिकॉर्ड 209 गेंदों का है, जब श्रीलंका ने 2010 में दाम्बुला एकदिवसीय में भारत को हराया था। हालांकि बची हुई गेंदों के मामले में ये भारत में भारत की सबसे बड़ी हार है। # रोहित शर्मा भारत के 24वें एकदिवसीय कप्तान बने। # श्रेयस अय्यर भारत की तरफ से एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय खेलने वाले 219वें खिलाड़ी बने। # एमएस धोनी का औसत 178 है, जब भारत ने जब 40 या उससे कम के स्कोर पर अपने पांच या ज्यादा विकेट गँवाए हो।