Pratika Rawal Big Threat Shubman Gill's Record: भारतीय पुरुष टीम के खिलाड़ी इन दिनों आईपीएल 2025 में व्यस्त हैं, वहीं महिला टीम श्रीलंका दौरे पर है। श्रीलंका में मेजबानों के साथ टीम इंडिया और दक्षिण अफ्रीका वनडे त्रिकोणीय सीरीज खेल रही है। इस सीरीज की शुरुआत रविवार से हुई और अब 29 अप्रैल को दूसरा मैच होना है, जिसमें भारतीय टीम की टक्कर दक्षिण अफ्रीका से होनी है। यह मुकाबला भारतीय ओपनर प्रतिका रावल के लिए काफी खास बन सकता है। वह कुछ बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करने की दहलीज पर हैं, जिनके बारे में हम आपको आगे बताएंगे।
इतिहास रचने के करीब प्रतिका रावल
प्रतिका रावल ने भारतीय महिला टीम के लिए वनडे फॉर्मेट में साल 2024 में डेब्यू किया था और इसके बाद से उन्होंने कुछ ही समय में अपनी जगह पक्की कर ली। उन्होंने बल्ले से निरंतर रन बनाए और अब इस फॉर्मेट में सबसे तेज 500 रन पूरी करने वाली महिला बल्लेबाज बनने के करीब हैं। उन्होंने अभी तक 7 पारियों में 82.33 की औसत और 93.91 के स्ट्राइक रेट से 494 रन बनाए हैं। ऐसे में अगर प्रतिका के बल्ले से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सिर्फ 6 रन भी आए तो वह सबसे तेज 500 रन बनाने वाली बल्लेबाज बन जाएंगी। अभी यह रिकॉर्ड इंग्लैंड की पूर्व दिग्गज बल्लेबाज शार्लेट एडवर्ड्स के नाम दर्ज है, जिन्होंने 9 पारियों में इस कारनामे को अंजाम दिया था।
शुभमन गिल का रिकॉर्ड भी खतरे में
अगर पुरुष और महिला वनडे को मिलाकर देखें तो सबसे तेज 500 रन बनाने का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के जानेमन मलान के नाम दर्ज है, जिन्होंने 7 पारियों में ही ऐसा कर दिया था। वहीं रावल के पास अब दूसरा स्थान हासिल करने का मौका होगा। भारत के लिहाज से अगर वनडे में सबसे तेज 500 रन बनाने वाले बल्लेबाज की बात की जाए तो यह रिकॉर्ड शुभमन गिल के नाम दर्ज है, जिन्होंने 10 पारियां ली थी। अब प्रतिका उन्हें पीछे छोड़ सकती हैं। अगर वह ऐसा करने में सफल रहती हैं तो इतिहास रच देंगी।
प्रतिका रावल का मौजूदा फॉर्म भी काफी अच्छा है। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ भारत की 9 विकेट से जीत में अहम योगदान दिया था और नाबाद 50 रनों की पारी खेली थी।