भारत और श्रीलंका (IND vs SL) के बीच मोहाली में पहला टेस्ट मैच खेला जा रहा है। दूसरे दिन के खेल की शुरूआत से पहले ऑस्ट्रेलिया के महान स्पिनर शेन वॉर्न (Shane Warne) और रॉडनी मार्श को श्रद्धांजलि दी गई। दोनों ही दिग्गजों का शुक्रवार को निधन हो गया। ऐसे में भारत और श्रीलंका की टीम ने अपनी श्रद्धांजलि दी।भारत और श्रीलंका की टीम ने दी शेन वॉर्न को श्रद्धांजलिदिन के खेल की शुरूआत से पहले ग्राउंड में मौजूद सभी लोगों ने एक मिनट का मौन रखा। इस दौरान दोनों ही टीमों के सभी प्लेयर बीच मैदान में आए और एक मिनट का मौन रखकर अपनी श्रद्धांजलि दी। यही नहीं शेन वॉर्न की याद में भारतीय टीम आज काली पट्टी बांधकर मैदान में उतरी है। श्रीलंका की टीम ने भी ऐसा ही किया। View this post on Instagram Instagram Postआपको बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के महान लेग स्पिनर शेन वॉर्न का शुक्रवार को 52 साल की उम्र में संदिग्ध रूप से दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वॉर्न थाईलैंड के एक विला में थे, डॉक्टरों ने उन्हें ठीक करने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे। वॉर्न का असामयिक निधन क्रिकेट बिरादरी के लिए एक बड़ा झटका रहा। कई लोगों ने यही कहा कि हम इस खबर पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं।वर्ल्ड क्रिकेट में शेन वॉर्न को उनकी बेहतरीन लेग स्पिन गेंदबाजी की वजह से पसंद किया जाता था। वह भारत में आईपीएल में भी खेले थे। राजस्थान रॉयल्स को पहले आईपीएल में खिताबी जीत दिलाने वाले कप्तान भी शेन वॉर्न ही थे। खेल के बाद उन्होंने कमेंट्री और कोचिंग में भी हाथ आजमाया था। ऑस्ट्रेलिया के लिए शेन वॉर्न ने कुल 145 टेस्ट मुकाबले खेले और 708 विकेट अपने नाम किये। इसके अलावा एकदिवसीय क्रिकेट में भी शेन वॉर्न ने 293 विकेट हासिल किये। हालांकि टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलने का मौका उनको नहीं मिला लेकिन अलग-अलग टी20 लीग में वो जरूर खेले।