INDvSL, दूसरा टेस्ट: तीसरे दिन बने सभी आंकड़ों पर एक नज़र

नागपुर में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन भारत ने विराट कोहली के दोहरे शतक और रोहित शर्मा के शतक की बदौलत मेहमान श्रीलंका के ऊपर शिकंजा कस लिया है। पहली पारी में श्रीलंका के 205 रनों के जवाब में भारतीय टीम ने पहली पारी 610/6 के स्कोर पर पारी घोषित की और 405 रनों की विशाल बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में श्रीलंका को शुरूआती झटका लग चुका है और तीसरे दिन स्टंप्स के समय स्कोर 21/1 था। श्रीलंका अभी भी 384 रन पीछे है और अब देखना है कि कल टीम पारी की हार बचा पाती है या नहीं? आइये नज़र डालते हैं तीसरे दिन बने सभी आंकड़ों पर: # विराट कोहली ने अपना 19वां शतक और पांचवां दोहरा शतक लगाया और कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा दोहरे शतक लगाने के मामले में ब्रायन लारा (5) के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की। # भारत की तरफ से तीसरी बार टेस्ट की एक पारी में चार बल्लेबाजों ने शतक लगाया। इससे पहले 2010 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट में और 2007 में बांग्लादेश के खिलाफ ढाका टेस्ट में यह रिकॉर्ड बना था। # विराट कोहली ने कप्तान के तौर पर 12वां शतक लगाया और सुनील गावस्कर का भारतीय रिकॉर्ड तोड़ा। विश्व रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रेम स्मिथ (25) के नाम है। # विराट कोहली ने 2017 में 10वां अंतरराष्ट्रीय शतक लगाया और एक साल में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय शतक बनाने वाले कप्तान बने। इससे पहले रिकॉर्ड रिकी पोंटिंग (9, 2009) के नाम था। # रोहित शर्मा ने चार साल बाद टेस्ट क्रिकेट में शतक लगाया। लगभग एक साल बाद टेस्ट क्रिकेट वापसी करने वाले रोहित ने अपना तीसरा शतक लगाया। इसके अलावा टेस्ट क्रिकेट में लगातार तीसरी पारी में उन्होंने 50 या उससे ज्यादा का स्कोर बनाया। पिछले साल न्यूजीलैंड के खिलाफ कोलकाता टेस्ट की दूसरी पारी और इंदौर टेस्ट की पहली पारी में रोहित ने अर्धशतक लगाया था। # भारतीय टीम ने टेस्ट क्रिकेट में 30वीं बार 600 का आंकड़ा पार किया। रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया (32) के नाम है। विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने सातवीं बार 600 का आंकड़ा पार किया और यह एक विश्व रिकॉर्ड है। इसके अलावा किसी भी टीम ने एक कप्तान के नेतृत्व में पांच बार से ज्यादा 600 का आंकड़ा नहीं पार किया है। # चेतेश्वर पुजारा ने भारत में सबसे तेज़ 3000 रन (53 पारी) पूरे किये। उन्होंने सचिन तेंदुलकर (55 पारी) का रिकॉर्ड तोड़ा। # चेतेश्वर पुजारा ने टेस्ट क्रिकेट में लगातार आठवें दिन बल्लेबाजी की। कोलकाता टेस्ट में पुजारा ने पांचों दिन बल्लेबाजी की थी और नागपुर टेस्ट के भी पहले तीन दिन उन्होंने बल्लेबाजी की। # विराट कोहली ने 213 रनों की पारी खेली और यह श्रीलंका के खिलाफ किसी भी भारतीय कप्तान का सबसे बड़ा स्कोर है। कोहली ने कपिल देव (163, कानपुर 1986) का रिकॉर्ड तोड़ा। # भारत ने पहली पारी में 610/6 का स्कोर बनाया और नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन ग्राउंड, जामथा में यह एक पारी का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले भी रिकॉर्ड भारत के ही नाम था और 2010 में न्यूजीलैंड के खिलाफ मेजबानों ने 566/8 का स्कोर बनाया था। इसके अलावा इस ग्राउंड पर अभी तक सिर्फ दो दोहरे शतक लगे हैं। विराट कोहली के अलावा 2010 में हाशिम अमला ने 253 रनों की पारी खेली थी।

Edited by Staff Editor
Sportskeeda logo
Close menu
Cricket
Cricket
WWE
WWE
Free Fire
Free Fire
Kabaddi
Kabaddi
Other Sports
Other Sports
bell-icon Manage notifications