Morne Morkel Leaves India Camp : भारतीय टीम को महज 2 दिन के बाद ही चैंपियंस ट्रॉफी में अपना पहला मुकाबला खेलना है। हालांकि उससे पहले ही टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा गया है। खबरों के मुताबिक टीम के गेंदबाजी कोच और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व गेंदबाज मोर्ने मोर्कल के पिता का निधन हो गया है। इसी वजह से वो दुबई से वापस दक्षिण अफ्रीका लौट गए हैं। अब वो कब तक वापस आएंगे इस बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता है।
मोर्ने मोर्कल को पिछले साल सितंबर में ही भारतीय टीम का गेंदबाजी कोच नियुक्त किया गया था। वो चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम इंडिया के साथ शनिवार 15 फरवरी को दुबई गए थे। उन्होंने टीम के पहले प्रैक्टिस सेशन में भी हिस्सा लिया था। हालांकि जब सोमवार 17 फरवरी को टीम का दूसरा प्रैक्टिस सेशन हुआ तो उसमें मोर्ने मोर्कल मौजूद नहीं थे। दैनिक जागरण की खबर के मुताबिक मोर्ने मोर्कल के पिता का निधन हो गया है और इसी वजह से वो दुबई से वापस स्वदेश चले गए हैं। अब यह कंफर्म नहीं है कि वो चैंपियंस ट्रॉफी के लिए आगामी दिनों में टीम इंडिया के साथ जुड़ेंगे या नहीं।
चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगी अपना पहला मैच
चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम को अपना पहला मुकाबला बांग्लादेश के खिलाफ खेलना है। भारत और बांग्लादेश के बीच 20 फरवरी को मुकाबला खेला जाएगा। टीम इंडिया चाहेगी कि जीत के साथ टूर्नामेंट का आगाज किया जाए। हालांकि मोर्ने मोर्कल के जाने से टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। टीम के पास अब कोई ऐसा गेंदबाजी कोच नहीं रह गया है। असिस्टेंट कोच रेयान टेन डेशकोटे की जिम्मेदारी अब काफी बढ़ जाती है। देखने वाली बात होगी कि मोर्कल कब तक वापसी कर पाते हैं।
चैंपियंस ट्रॉफी में टीम इंडिया को अपने सारे ही मैच दुबई में खेलने हैं। पहले यह भी खबर आई थी कि दुबई में टीम को धीमी पिच मिल सकती है। दुबई के मैदान को हमेशा धीमी विकेट के लिए ही जाना जाता है और यहां बहुत बड़े स्कोर नहीं बनते हैं। हालांकि अब ये सामने आ रहा है कि चैंपियंस ट्रॉफी के लिए दो नई पिचें इस्तेमाल की जा सकती हैं।