आईपीएल 2019, 34वां मैच: मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 40 रनों से हराया, अंक तालिका में दूसरे स्थान पर कब्ज़ा  

Enter caption

दिल्ली में खेले गए आईपीएल 2019 के 34वें मैच में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 40 रनों से हराकर अंक तालिका में दूसरे स्थान पर कब्ज़ा कर लिया। मुंबई इंडियंस ने पहले खेलते हुए 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाये, जिसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स 20 ओवर में 128/9 का स्कोर ही बना सकी। हार्दिक पांड्या को धुआंधार पारी के लिए मैन ऑफ़ द मैच चुना गया।

रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और टीम में इशान किशन एवं जेसन बेहरनडॉर्फ़ की जगह बेन कटिंग और जयंत यादव को शामिल किया गया। दिल्ली कैपिटल्स ने पिछले मैच की टीम में कोई बदलाव नहीं किया।

मुंबई इंडियंस को रोहित शर्मा (22 गेंद 30) और क्विंटन डी कॉक (27 गेंद 35) ने पावरप्ले में तेज़ शुरुआत दिलाई और 6 ओवर में स्कोर 57/0 था, लेकिन सातवें ओवर की पहली ही गेंद पर रोहित के आउट होने से मुंबई को पहला झटका लगा। इसके बाद तीसरे स्थान पर बल्लेबाजी करने आये बेन कटिंग भी आठवें ओवर में 62 के स्कोर पर आउट हो गए। 10वें ओवर में 74 के स्कोर पर क्विंटन डी कॉक के रन आउट होने से मुंबई को तीसरा झटका लगा।

14वें ओवर में मुंबई इंडियंस ने 100 का आंकड़ा पार किया, लेकिन 16वें ओवर की पहली ही गेंद पर सूर्यकुमार यादव (27 गेंद 26) के आउट होने से उन्हें बड़ा झटका लगा, लेकिन इसके बाद हार्दिक पांड्या ने 15 गेंदों में 32 रनों की धुआंधार पारी खेलकर टीम को 160 के पार पहुंचाने में अहम योगदान दिया। उन्होंने क्रुणाल पांड्या के साथ पांचवें विकेट के लिए 54 रन जोड़े और मुंबई इंडियंस ने आखिरी 5 ओवरों में 64 रन बनाये। क्रुणाल पांड्या ने 26 गेंदों में 37 रनों की तेज़ और नाबाद पारी खेली। दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से कगिसो रबाडा ने दो और अक्षर पटेल एवं अमित मिश्रा ने एक-एक विकेट लिया।

लक्ष्य के जवाब में शिखर धवन (22 गेंद 35) और पृथ्वी शॉ (24 गेंद 20) ने पहले विकेट के लिए 49 रन जोड़े, लेकिन पावरप्ले के बाद मुंबई इंडियंस ने मैच को पूरी तरह बदल दिया। पावरप्ले के 6 ओवर के बाद स्कोर 48/0 था, लेकिन 14वें ओवर तक स्कोर 76/5 हो चुका था। कॉलिन मुनरो 3, श्रेयस अय्यर 3 और ऋषभ पंत सिर्फ सात रन बनाकर आउट हुए और मध्यक्रम की असफलता ही दिल्ली की हार का कारण बनी।

दिल्ली कैपिटल्स ने 17वें ओवर में 100 का आंकड़ा पार किया लेकिन उसी ओवर में ही 107 के स्कोर पर क्रिस मॉरिस 11 रन बनाकर आउट हो गए। 18वें ओवर में कीमो पॉल भी बिना गेंद खेले और अक्षर पटेल (23 गेंद 26) भी 107 के स्कोर पर आउट हुए और दिल्ली कैपिटल्स को लगातार तीन गेंदों पर तीन झटके लगे। 20 ओवर में दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 128/9 रहा और मुंबई इंडियंस ने एकतरफा जीत हासिल की।

मुंबई इंडियंस की तरफ से राहुल चाहर ने तीन, जसप्रीत बुमराह ने दो और हार्दिक पांड्या, लसिथ मलिंगा एवं क्रुणाल पांड्या ने एक-एक विकेट लिया।

संक्षिप्त स्कोरकार्ड:

मुंबई इंडियंस: 168/5 (क्रुणाल पांड्या 37*, क्विंटन डी कॉक 35, हार्दिक पांड्या 32, कगिसो रबाडा 2/38)

दिल्ली कैपिटल्स: 128/9 (शिखर धवन 35, राहुल चाहर 3/19)

Hindi Cricket News, सभी मैच के क्रिकेट स्कोर, लाइव अपडेट, हाइलाइट्स और न्यूज स्पोर्टसकीड़ा पर पाएं

Quick Links

Edited by निशांत द्रविड़