आईपीएल 2019, फाइनल: मुंबई इंडियंस vs चेन्नई सुपरकिंग्स मैच प्रीव्यू और सीधा प्रसारण कब और कहां देखें 

Enter caption

आईपीएल 2019 सीजन समाप्त होने से महज एक कदम दूर है। रविवार को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम पर डिफेंडिंग चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स का मुकाबला मुंबई इंडियंस से होगा। लीग मैचों में मुंबई ने अंक तालिका में टॉप स्थान के साथ अभियान समाप्त किया था। चेन्नई की टीम दूसरे नम्बर पर रही।

इस सीजन में मुंबई की टीम चेन्नई पर भारी रही है। लीग मैचों में दो बार चेन्नई को हराने के बाद मुंबई ने पहले क्वालीफायर मुकाबले में भी इस टीम को मात दी। मनोवैज्ञानिक रूप से मुंबई की टीम का पलड़ा भारी नजर आता है। इसके अलावा बल्लेबाजी और गेंदबाजी की दृष्टि से भी मुंबई इंडियंस की टीम आगे नजर आती है। दोनों ही टीमों में महेंद्र सिंह धोनी एक सबसे बड़ा अंतर है। उन्हें फाइनल मुकाबले जीतना बखूबी आता है। हालांकि रोहित शर्मा भी आईपीएल के सबसे सफल कप्तानों में से एक माने जाते हैं।

धोनी की टीम के खिलाफ मुंबई इंडियंस तीन बार फाइनल में सामने आई है और दो बार खिताबी जीत दर्ज की है। दोनों ही बार रोहित शर्मा कप्तान थे। सबसे पहले मुंबई इंडियंस का चेन्नई से फाइनल में मुकाबला सचिन तेंदुलकर की कप्तानी में हुआ था, उस समय मुंबई को पराजय का सामना करना पड़ा था। मुंबई के लिए इस समय क्विंटन डी कॉक, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या और किरोन पोलार्ड ने बल्ले से बढ़िया खेल दिखाया है। गेंदबाजी में यह काम लसिथ मलिंगा, जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर ने किया है। धोनी की टीम से शेन वॉटसन और फाफ डू प्लेसी बेहतर फॉर्म में नजर आ रहे हैं। धोनी भी बढ़िया प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके अलावा गेंदबाजी में इमरान ताहिर, दीपक चाहर और ड्वेन ब्रावो बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं।

हैदराबाद की पिच तेज गेंदबाजों के लिए मददगार हो सकती है। मौसम गर्म रहने से मैच के दौरान बारिश भी देखने को मिल सकती है। पहले बल्लेबाजी करने की दशा में बड़ा स्कोर बनाना ही दोनों टीमों का लक्ष्य रहे, तो बेहतर हो सकता है।

सीधा प्रसारण कब और कहां देखें

मैच का सीधा प्रसारण आप स्टार स्पोर्ट्स 1 और हिंदी में स्पोर्ट्स स्पोर्ट्स शाम 7:30 बजे से देख सकते हैं। इसके अलावा स्टार स्पोर्ट्स सेलेक्ट पर भी मैचों का प्रसारण होगा। मोबाइल पर आप हॉटस्टार एप्प पर सभी मैच देख सकते हैं।

Hindi Cricket News, सभी मैच के क्रिकेट स्कोर, लाइव अपडेट, हाइलाइट्स और न्यूज स्पोर्टसकीड़ा पर पाएं

Quick Links

Edited by Naveen Sharma