IPL 2020 - मुंबई इंडियंस ने हमें सभी विभागों में मात दे दी - श्रेयस अय्यर

Photo Credit - IPL
Photo Credit - IPL

मुंबई इंडियंस के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स की हार के बाद उनके कप्तान श्रेयस अय्यर ने बड़ा बयान दिया है। श्रेयस अय्यर के मुताबिक तीनों ही विभागों में दिल्ली कैपिटल्स की टीम अच्छा करने में नाकाम रही और मुंबई इंडियंस ने उन्हें आसानी से हरा दिया। श्रेयस अय्यर के मुताबिक उन्होंने 10-15 रन कम भी बनाए।

एक समय ऐसा था जब मार्कस स्टोइनिस क्रीज पर थे तब दिल्ली कैपिटल्स की टीम ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रही थी और रन आ रहे थे। लेकिन दुर्भाग्य से वो रन आउट हो गए और उसके बाद कोई भी बल्लेबाज धुआंधार बल्लेबाजी नहीं कर पाया। दिल्ली कैपिटल्स की टीम 20 ओवरों में 162 रन ही बना सकी। मैच के बाद श्रेयस अय्यर ने कहा,

हम 10-15 रन शॉर्ट रह गए। अगर 170-175 रन बोर्ड पर होते तो स्थिति कुछ अलग हो सकती थी। स्टोइनिस का आउट होने का हमें काफी नुकसान हुआ। वो गेंद को काफी अच्छी तरह से हिट कर रहे थे और उन्हें वो फुटबॉल की तरह नजर आ रही थी। वो एक बड़ी गलती थी जो हमने की और हमें इस पर ध्यान देना होगा। इसके अलावा फील्डिंग में भी हमने कई गलतियां की। कुछ कैच छोड़े और मिसफील्ड भी किए। कुल मिलाकर उन्होंने हमें तीनों ही विभागों में मात दे दी।

हमें किसी भी टीम को हल्के में लेने की जरुरत नहीं है - श्रेयस अय्यर

श्रेयस अय्यर ने आगे ये भी कहा कि हमें किसी भी टीम को हल्के में लेने की जरुरत नहीं है। उन्होंने कहा,

मेरे हिसाब से स्पिनर्स ने काफी अच्छी गेंदबाजी की। अगर पावरप्ले के बाद 2 विकेट हमने और चटका दिए होते तो मैच में वापसी हो जाती। हमारे लिए सबसे अहम चीज ये है कि किसी भी टीम को हल्के में ना लें और पॉजिटिव एट्टीट्यूड के साथ आगे बढ़ें।

आपको बता दें कि आईपीएल 2020 के 27वें मैच में मुंबई इंडियंस ने अबू धाबी में दिल्ली कैपिटल्स को पांच विकेट से हराया और अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 162/4 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में मुंबई इंडियंस ने आखिरी ओवर में पांच विकेट खोकर जीत हासिल कर ली।

ये भी पढ़ें: दिल्ली कैपिटल्स की 3 बड़ी कमजोरियां जिस पर उन्हें ध्यान देना चाहिए

Quick Links

Edited by सावन गुप्ता
App download animated image Get the free App now