दिल्ली कैपिटल्स की लगातार 5 हार के बाद मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीत, अमित मिश्रा की घातक गेंदबाजी 

Photo - IPL
Photo - IPL

IPL 2021 के 13वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) ने मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) को चेन्नई में 6 विकेट से हराया और अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गए। मुंबई इंडियंस ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में सिर्फ 137/9 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने आखिरी ओवर में चार विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। अमित मिश्रा (4/24) को शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और एडम मिल्ने की जगह टीम में जयंत यादव को मौका दिया गया। दिल्ली कैपिटल्स की टीम में भी दो बदलाव किये गए और क्रिस वोक्स एवं लुकमान मेरीवाला की जगह शिमरोन हेटमायर और अमित मिश्रा को शामिल किया गया।

मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं हुई और क्विंटन डी कॉक (1) तीसरे ओवर में ही 9 के स्कोर पर मार्कस स्टोइनिस की गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद रोहित शर्मा ने सूर्यकुमार यादव के साथ दूसरे विकेट के लिए 58 रन जोड़े और पावरप्ले के 6 ओवर के बाद स्कोर 55/1 था, लेकिन सातवें ओवर में 67 के स्कोर पर सूर्यकुमार यादव (24) के आउट होने के बाद मुंबई की पारी लड़खड़ा गई।

नौवें ओवर में अमित मिश्रा ने 76 और 77 के स्कोर पर रोहित शर्मा (44) और हार्दिक पांड्या (0) को पवेलियन की राह दिखाई। 11वें ओवर में ललित यादव ने 81 के स्कोर पर क्रुणाल पांड्या (1) को भी आउट किया और मुंबई इंडियंस को पांचवां झटका दिया। 12वें ओवर में 84 के स्कोर पर अमित मिश्रा ने किरोन पोलार्ड (2) को भी आउट करके मुंबई को बड़ा झटका दिया।

ईशान किशन ने जयंत यादव के साथ मिलकर टीम को 15वें ओवर में 100 के पार पहुंचाया। किशन ने 28 गेंदों में 26 रन बनाये, लेकिन 18वें ओवर में अमित मिश्रा ने 123 के स्कोर पर उन्हें भी पवेलियन की राह दिखाई। जयंत यादव ने 22 गेंदों में 23 रन बनाये, लेकिन 19वें ओवर में कगिसो रबाडा ने 129 के स्कोर पर उन्हें भी चलता किया। आखिरी ओवर में आवेश खान ने 135 के स्कोर पर राहुल चाहर (6) को आउट किया। जसप्रीत बुमराह 3 और ट्रेंट बोल्ट 1 रन बनाकर नाबाद रहे।

Photo - IPL
Photo - IPL

लक्ष्य के जवाब में दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दूसरे ही ओवर में 11 के स्कोर पर जयंत यादव ने पृथ्वी शॉ (7) को आउट किया। इसके बाद शिखर धवन ने स्टीव स्मिथ (33) के साथ दूसरे विकेट के लिए 53 रन जोड़े, लेकिन नौवें ओवर में 64 के स्कोर पर पोलार्ड ने स्मिथ को आउट करके दिल्ली को दूसरा झटका दिया। पावरप्ले के 6 ओवर के बाद स्कोर 39/1 और 10 ओवर के बाद स्कोर 68/2 था।

दिल्ली कैपिटल्स ने 15वें ओवर में 100 का आंकड़ा पार किया, लेकिन उसी ओवर में राहुल चाहर ने शिखर धवन (42 गेंद 45) को आउट करके टीम को तीसरी सफलता दिलाई। 17वें ओवर में 115 के स्कोर पर जसप्रीत बुमराह ने ऋषभ पंत (7) को आउट करके दिल्ली को बड़ा झटका दिया। हालाँकि यहाँ से ललित यादव (25 गेंद 22*) और शिमरोन हेटमायर (9 गेंद 14*) ने टीम को पांच गेंद शेष रहते जीत दिला दी। मुंबई इंडियंस के खिलाफ लगातार पांच मैच हारने के बाद दिल्ली कैपिटल्स की यह पहली जीत है।

Quick Links

Edited by Prashant