ऋषभ पंत को वो नहीं करना चाहिए जो धोनी 40 की उम्र में कर रहे हैं, पूर्व क्रिकेटर का बयान

एम एस धोनी और ऋषभ पंत (Photo Credit - IPLT20)
एम एस धोनी और ऋषभ पंत (Photo Credit - IPLT20)

पूर्व क्रिकेटर अजय जडेजा (Ajay Jadeja) ने दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के युवा कप्तान ऋषभ पंत को एक अहम सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि ऋषभ पंत को अपने आइडल एम एस धोनी को देखकर वो चीज नहीं करनी चाहिए जो इस वक्त धोनी कर रहे हैं। अजय जडेजा के मुताबिक पंत को वो चीज करनी चाहिए जो धोनी 20 साल की उम्र में किया करते थे।

दरअसल ऋषभ पंत के साथ कई बार देखा गया है कि वो दबाव में बिखर जाते हैं। इसके अलावा कप्तानी का असर उनकी बल्लेबाजी पर भी देखने को मिला है। वो अपने 20 और 30 रनों के स्कोर को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाए हैं।

ऋषभ पंत को अपने उम्र के हिसाब से चीजें करनी चाहिए - अजय जडेजा

क्रिकबज्ज पर बातचीत के दौरान अजय जडेजा ने ऋषभ पंत को अहम सलाह दी। उन्होंने कहा,

मेरी ऋषभ पंत को ये सलाह है कि वो धोनी से सीख जरूर लें लेकिन उन्हें वो करना चाहिए जो धोनी पंत की उम्र में किया करते थे। अब जो धोनी कर रहे हैं उसे करने के बारे में पंत को नहीं सोचना चाहिए। वो एक युवा प्लेयर हैं लेकिन ऐसा लगता है कि बहुत जल्द ही सीनियर बन गए हैं। मैंने पंत की धोनी के साथ एक तस्वीर देखी थी जिसमें वो उनके सामने बैठे हुए हैं। मैं उन्हें यही सलाह दूंगा कि अपने कान पकड़कर जितना हो सके सीखो।

दरअसल जिस युवा धोनी की यहां पर जडेजा बात कर रहे हैं उनके टी20 अंतर्राष्ट्रीय करियर की शुरूआत अच्छी नहीं हुई थी। उन्होंने 2007 के टी20 वर्ल्ड कप में 128 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे लेकिन उन्होंने अपना अटैकिंग स्टाइल नहीं छोड़ा और इसकी वजह से उन्हें आगे चलकर काफी फायदा हुआ।

Quick Links

Edited by सावन गुप्ता