डेवाल्ड ब्रेविस ने बताया कि आईपीएल में उनके चयन की जानकारी उन्हें कैसे मिली थी

Nitesh
डेवाल्ड ब्रेविस शॉट खेलते हुए (Photo Credit - IPLT20)
डेवाल्ड ब्रेविस शॉट खेलते हुए (Photo Credit - IPLT20)

मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस (Dewald Brevis) ने बताया कि जब आईपीएल (IPL) में उनका चयन हुआ था तो वो क्या कर रहे थे और इसकी जानकारी उन्हें कैसे मिली थी। "बेबी एबी" के नाम से मशहूर डेवाल्ड ब्रेविस ने बताया कि मुंबई इंडियंस टीम में चुने जाने के बाद उनका रिएक्शन क्या था।

आईपीएल 2022 मेगा के ऑक्शन के दौरान दक्षिण अफ्रीका के युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस के लिए चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस ने जमकर बोली लगाई थी। लेकिन अंत में बाजी मुंबई इंडियंस ने मार ली। मुंबई इंडियंस ने 3 करोड़ रुपए में डेवाल्ड ब्रेविस को अपनी टीम में शामिल किया था। ब्रेविस ने इससे पहले आईसीसी अंडर 19 वर्ल्ड कप में जबरदस्त प्रदर्शन किया था। उन्होंने अपने परफॉर्मेंस से काफी सुर्खियां बटोरी थीं और यही वजह है कि आईपीएल में उनके लिए जमकर बोली लगी थी।

डेवाल्ड ब्रेविस ने आईपीएल ऑक्शन को लेकर दी प्रतिक्रिया

डेवाल्ड ब्रेविस ने बताया कि जब आईपीएल ऑक्शन चल रहा था तो वो क्या कर रहे थे। मुंबई इंडियंस टीवी पर इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कहा "मैं अपना गेम खेल रहा था और मेरी फैमिली घर पर थी। वे सभी लैपटॉप पर ऑक्शन को देख रहे थे। मैं थोड़ा आड़ में बैठकर मैच देख रहा था और बड़ी स्क्रीन पर तभी ऑक्शन आने लगा और उसमें मेरा नाम था। क्विंटन डी कॉक ने बुलाकर मुझे अपने पास बैठाया और कहा कि देखो क्या होता है। मुंबई इंडियंस ने जब मेरा चयन किया तो वो एक्सपीरियंस काफी शानदार था। वो मेरे लिए काफी खास लम्हा था।"

आपको बता दें कि डेवाल्ड ब्रेविस ने अंडर 19 विश्व कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा 506 रन बनाये थे। यही वजह है कि मुंबई इंडियंस ने उनके ऊपर इतना भरोसा जताया।

Quick Links