रोहित शर्मा भारतीय टीम का कप्तान बनने का फायदा नहीं उठा पाए, पूर्व क्रिकेटर का बयान

Nitesh
रोहित शर्मा लगातार फ्लॉप हो रहे हैं (Photo Credit - IPLT20)
रोहित शर्मा लगातार फ्लॉप हो रहे हैं (Photo Credit - IPLT20)

आईपीएल 2022 (IPL) में रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के लगातार खराब परफॉर्मेंस को लेकर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन (Michael Vaughan) ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि रोहित शर्मा भारतीय टीम का कप्तान बनने का फायदा नहीं उठा पाए हैं। उनके मुताबिक भारत का कप्तान बनने के बाद रोहित शर्मा का कॉन्फिडेंस काफी अच्छा हो जाना चाहिए था लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। वो उसका फायदा नहीं उठा पाए।

रोहित शर्मा के लिए आईपीएल 2022 अभी तक अच्छा नहीं रहा है। उनके बल्ले से रन नहीं निकले हैं। वहीं टीम को भी लगातार हार मिल रही है। मुंबई इंडियंस की टीम अपने पहले छह मैच हार चुकी है और अब उनका प्लेऑफ में पहुंचना काफी मुश्किल दिख रहा है। शनिवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच में भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही मुंबई इंडियंस आईपीएल इतिहास में अपने पहले छह मैच हारने वाली तीसरी टीम बन गई।

कप्तान बनने के बाद रोहित शर्मा का परफॉर्मेंस अच्छा नहीं रहा है - माइकल वॉन

माइकल वॉन के मुताबिक रोहित शर्मा जब से भारतीय टीम के कप्तान बने हैं तबसे उनका परफॉर्मेंस अच्छा नहीं रहा है। उन्होंने क्रिकबज्ज पर बातचीत के दौरान कहा "रोहित शर्मा के साथ एक इश्यू है। जबसे वो भारतीय टीम के कप्तान बने हैं तबसे उनका परफॉर्मेंस उतना अच्छा नहीं रहा है। ये मेरे लिए एक चिंता का विषय है कि कप्तान बनने का फायदा रोहित शर्मा नहीं उठा पाए।"

इससे पहले रोहित शर्मा के फ्लॉप परफॉर्मेंस को लेकर पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने बड़ी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि रोहित शर्मा अच्छे टच में दिखाई दे रहे हैं लेकिन कही ना कहीं वो उसे बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर पा रहे हैं। उनकी तकनीक में कोई दिक्कत नहीं है।

Quick Links