दिल्ली कैपिटल्स की जबरदस्त जीत और अंक तालिका में फायदा, शार्दुल ठाकुर की शानदार गेंदबाजी 

दिल्ली कैपिटल्स के मध्यक्रम ने काफी निराश किया (Photo: IPL)
दिल्ली कैपिटल्स के मध्यक्रम ने काफी निराश किया (Photo: IPL)

IPL 2022 के 64वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को 17 रनों से हराते हुए जबरदस्त जीत दर्ज की और वो अंक तालिका में चौथे स्थान पर आ गए हैं। दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 159-7 का स्कोर खड़ा किया और पंजाब किंग्स की टीम 142-9 का स्कोर ही बना पाई।

दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बहुत ही खराब रही और डेविड वॉर्नर का विकेट उन्होंने पहली गेंद पर गंवा दिया। मिचेल मार्श और सरफराज खान ने पावरप्ले का अच्छे से फायदा उठाते हुए तेजी से रन बनाए। दोनों ने 51 रनों की तेज साझेदारी की। सरफराज 16 गेंदों में 5 चौके और एक छक्के की मदद से 32 रन बनाकर आउट हुए। मिचेल मार्श ने एक छोर संभालते हुए जरूर ललित यादव के साथ 47 रनों की साझेदारी करते हुए टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया। यहां से पंजाब किंग्स ने शानदार वापसी की और दिल्ली कैपिटल्स का मध्यक्रम बुरी तरह लड़खड़ा गया।

अर्शदीप सिंह ने पहले ललित यादव (21 गेंदों में 24 रन) को आउट किया। इसके बाद लियाम लिविंगस्टोन ने ऋषभ पंत (3 गेंदों में 7 रन, एक छक्का) और रोवमन पॉवेल (6 गेंदों में 2 रन) को आउट करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को बड़े झटके दिए। 15 ओवरों के बाद दिल्ली का स्कोर 116-5 था। 17वें ओवर में मार्श ने 40 गेंदों में अपना अर्धशतक भी पूरा किया। मिचेल मार्श ने जरूर अंतिम ओवरों में रनों की गति तेज करने का प्रयास किया, लेकिन 19वें ओवर में 149 के स्कोर पर वो आउट हुए। आउट होने से पहले उन्होंने 48 गेंदों में 4 चौके और तीन छक्कों की मदद से 63 रन बनाए।

दिल्ली कैपिटल्स ने आखिरी दो ओवरों में सिर्फ 10 रन बनाए और वो 160 का आंकड़ा भी पार करने में कामयाब नहीं हुए। अंत में अक्षर पटेल (20 गेंदों में 17* रन) और कुलदीप यादव (3* रन) नाबाद लौटे। पंजाब किंग्स के लिए लियाम लिविंगस्टोन और अर्शदीप सिंह ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए, कगिसो रबाड़ा को एक विकेट मिला।

160 रनों का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स को जॉनी बेयरस्टो ने तूफानी शुरुआत दिलाई। उन्होंने 15 गेंदों में 4 चौके और एक छक्के की मदद से 28 रन बनाए। एनरिक नॉर्टजे ने ओपनिंग साझेदारी को चौथे ओवर में 38 के स्कोर पर आउट किया। इसके बाद छठे ओवर में शार्दुल ठाकुर ने राजपक्शे और शिखर धवन को आउट किया। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स के स्पिनर्स के आगे पंजाब किंग्स का मध्यक्रम लड़खड़ा गया। मयंक अग्रवाल, लियाम लिविंगस्टोन, हरप्रीत बरार और ऋषि धवन काफी जल्दी आउट हो गए। एक समय पंजाब का स्कोर 82-7 हो गया था।

हालांकि जितेश शर्मा ने एक छोर संभालते हुए तेजी से खेलना जारी रखा और अपनी टीम को मैच में बनाए रखने का पूरा प्रयास किया। आखिरी 5 ओवरों में पंजाब किंग्स को जीतने के लिए 59 रनों की दरकार थी। जितेश शर्मा और राहुल चाहर ने काफी कोशिश की, लेकिन 18वें ओवर में शार्दुल ठाकुर ने जितेश शर्मा को आउट कर दिया। जितेश ने 34 गेंदों में 3 चौके और दो छक्कों की मदद से 44 रन बनाए। ठाकुर ने इसी ओवर में कगिसो रबाड़ा (6) को भी आउट किया।

पंजाब को आखिरी ओवर में 26 रनों की दरकार थी, लेकिन वो 8 रन ही बना पाए और दिल्ली ने इस मैच को जीत लिया। अंत में राहुल चाहर ने जरूर 24 गेंदों में 25* रन बनाए। दिल्ली कैपिटल्स के लिए शार्दुल ठाकुर ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट लिए। एनरिक नॉर्टजे को भी एक विकेट मिला।

Quick Links

Edited by Narender
App download animated image Get the free App now