मुंबई इंडियंस के खिलाफ शिखर धवन बना सकते हैं बड़ा रिकॉर्ड, सुरेश रैना को पीछे छोड़ने का मौका

शिखर धवन एक बड़ा रिकॉर्ड बना सकते हैं (Photo Credit - IPLT20)
शिखर धवन एक बड़ा रिकॉर्ड बना सकते हैं (Photo Credit - IPLT20)

पंजाब किंग्स (Punjab Kings) के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (Shikhar Dhawan) मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के खिलाफ आज होने वाले मुकाबले में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। धवन ये उपलब्धि हासिल कर सुरेश रैना को भी पीछे छोड़ सकते हैं।

दरअसल मुंबई इंडियंस के खिलाफ शिखर धवन ने अभी तक 26 आईपीएल पारियों में 38.14 की औसत से 801 रन बनाए हैं। इसमें पांच अर्धशतकीय पारियां भी शामिल हैं। अगर वो 24 रन और बना लेते हैं तो मुंबई इंडियंस के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। इस मामले में वो सुरेश रैना को पीछे कर देंगे, जिन्होंने मुंबई के खिलाफ सात अर्धशतक की बदौलत 824 रन बनाए थे।

शिखर धवन आईपीएल में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं

शिखर धवन इसके अलावा आईपीएल इतिहास में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। अगर वो 89 रन और बना लेते हैं तो फिर आईपीएल में 6000 रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन जाएंगे। सबसे पहले ये कारनामा विराट कोहली ने किया था जिन्होंने अभी तक 203 पारियों में 6389 रन बनाए हैं। शिखर धवन काफी बेहतरीन लय में नजर आ रहे हैं। उन्होंने अभी तक शानदार प्रदर्शन टीम के लिए किया है और इस मैच में भी उनसे काफी उम्मीदें हैं।

आपको बता दें कि आईपीएल 2022 में बुधवार को 23वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच खेला जाएगा। पंजाब की टीम ने चार मैचों में दो बार जीत का स्वाद चखा है। अंक तालिका में पंजाब की टीम सातवें और मुंबई की टीम 10वें स्थान पर है। पंजाब किंग्स में शिखर धवन, मयंक अग्रवाल और लियाम लिविंगस्टोन जैसे दिग्गज हैं। लिविंगस्टोन ने बेहतरीन फॉर्म दिखाई है। गेंदबाजी में कगिसो रबाडा और राहुल चाहर अहम हैं। ऐसे में पंजाब की टीम सॉलिड नज़र आ रही है। पंजाब का पलड़ा भारी माना जा सकता है।

Quick Links

Edited by सावन गुप्ता
App download animated image Get the free App now