सूर्यकुमार यादव ने इंजरी की वजह से बाहर होने के बाद दिया बड़ा बयान

सूर्यकुमार यादव ने खास बात कही है (Photo Credit - IPLT20)
सूर्यकुमार यादव ने खास बात कही है (Photo Credit - IPLT20)

मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के दिग्गज बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव (SuryaKumar Yadav) इंजरी की वजह से आईपीएल (IPL) से बाहर हो गए हैं। खबरों के मुताबिक वो चार हफ्ते तक मैदान से दूर रह सकते हैं। इसका मतलब ये हुआ कि अब वो आईपीएल के एक भी मुकाबले में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। सूर्यकुमार यादव ने अपनी इंजरी के बाद वापसी को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि वो जल्द ही मैदान में वापसी करेंगे।

सूर्यकुमार यादव को 6 मई को गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले के दौरान एक रन लेते हुए बाएं हाथ में चोट लग गई थी। अगली सुबह जब वह उठे तो उनके हाथ में सूजन थी। इसके बाद पता चला कि वह आईपीएल में बचे हुए मैचों से बाहर हो गए हैं।

मैं जल्द ही वापसी करूंगा - सूर्यकुमार यादव

सूर्यकुमार यादव ने आईपीएल से बाहर होने के बाद अपने फैंस को ट्वीट करके एक खास संदेश दिया। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा,

आप सबकी शुभकामनाओं और सपोर्ट की बदौलत मैं जल्द ही वापसी करूंगा। मैं अपनी फैमिली मुंबई इंडियंस फैमिली को दूसरे छोर से सपोर्ट करूंगा। इस टूर्नामेंट को हाई नोट पर खत्म कीजिए और मैदान में अपने वास्तविक कैरेक्टर को दिखाइए।

आपको बता दें कि इस आईपीएल सीजन मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। आठ मैचों में उन्होंने 300 से भी ज्यादा रन बनाए हैं। इसमें उनके तीन अर्धशतक शामिल रहे। सूर्यकुमार यादव आईपीएल से ठीक पहले भी इंजरी का शिकार हो गए थे। वो चोटिल होने की वजह से ही श्रीलंका के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज में नहीं खेल पाए थे। चोट से ठीक होने के बाद वह मुंबई इंडियंस के लिए खेलने आए थे लेकिन अब एक बार फिर इंजरी का सामना उन्हें करना पड़ा है।

Quick Links