IPL 2023 - यशस्वी जायसवाल का चयन जल्द ही इंडियन टीम में होगा...धुआंधार बल्लेबाजी के बाद आई प्रतिक्रिया

Nitesh
यशस्वी जायसवाल ने काफी धुआंधार पारी खेली (Photo Credit - IPL)
यशस्वी जायसवाल ने काफी धुआंधार पारी खेली (Photo Credit - IPL)

यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ मुकाबले में जिस तरह की धुआंधार बल्लेबाजी की उसके बाद से ही उनकी काफी चर्चा हो रही है। हर कोई यशस्वी जायसवाल के इंडियन टीम में सेलेक्शन की बात कह रहा है। इसी कड़ी में पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने उनको लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यशस्वी जायसवाल का सेलेक्शन इंडियन टीम में जल्द ही होगा।

यशस्वी जायसवाल ने केकेआर के खिलाफ मैच में जबरदस्त धुआंधार पारी खेली। उन्होंने सिर्फ 47 गेंद पर 13 चौके और 5 छक्के की मदद से 98 रन बनाए। इस दौरान यशस्वी जायसवाल ने आईपीएल इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। उन्होंने सिर्फ 13 गेंदों में ही अर्धशतक बनाकर केएल राहुल का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया। यशस्वी जायसवाल ने पारी की पहली ही गेंद से प्रहार करना शुरू किया और नितीश राणा द्वारा डाले गए पहले ही ओवर में 26 रन बना दिए और इसके बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा।

यशस्वी ने इससे पहले मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में ताबड़तोड़ शतक लगाया था और इस आईपीएल सीजन वो दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनका परफॉर्मेंस काफी जबरदस्त रहा है। यही वजह है कि आकाश चोपड़ा का मानना है कि यशस्वी जायसवाल को जल्द ही इंडियन टीम में जगह मिलेगी।

यशस्वी जायसवाल ने अकेले ही केकेआर को हरा दिया - आकाश चोपड़ा

उन्होंने अपने यू-ट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान कहा "नाम यशस्वी, काम यशस्वी, बंदा तेजस्वी। उनके लिए तारीफ बंद नहीं होनी चाहिए। अभी वो पिंक जर्सी में खेल रहे हैं लेकिन वो 100 प्रतिशत भारत के लिए खेलेंगे। बस थोड़े ही समय की बात है। वो एक सुपर प्लेयर हैं और ऐसा लगता है कि इस बार केकेआर को उन्होंने अकेले ही हरा दिया। निश्चित तौर पर चहल ने भी चार विकेट लिए लेकिन उनकी इस पारी ने गेंद का आकार ही बदल दिया।"

Quick Links

Edited by Nitesh
Be the first one to comment