IPL 2023 - प्लेयर ऑफ द मैच के हकदार अर्शदीप सिंह हैं...सैम करन ने दिल छू लेने वाली बात कही

सैम करन और अर्शदीप सिंह (Photo Credit - IPLT20)
सैम करन और अर्शदीप सिंह (Photo Credit - IPLT20)

पंजाब किंग्स (Pbks) ने शनिवार को मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के खिलाफ जबरदस्त रोमांचक जीत हासिल की। इस मुकाबले के बाद टीम की कप्तानी कर रहे सैम करन (Sam Curran) को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। हालांकि सैम करन ने कहा कि इस अवॉर्ड के असली हकदार अर्शदीप सिंह हैं जिन्होंने आखिरी ओवर में जबरदस्त गेंदबाजी करके टीम को जीत दिलाई।

दरअसल पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में मुंबई इंडियंस को जीत के लिए आखिरी ओवर में 16 रन बनाने थे। सैम करन ने अर्शदीप सिंह को गेंदबाजी का जिम्मा सौंपा। अर्शदीप सिंह ने पहली गेंद पर एक रन दिया और दूसरी गेंद डॉट डाली। इसके बाद तीसरी गेंद पर एक सटीक यॉर्कर उन्होंने डाली और तिलक वर्मा को बोल्ड कर दिया। उनकी ये यॉर्कर इतनी तेज थी कि स्टंप ही टूट गया। वहीं चौथी गेंद पर भी उन्होंने मुंबई इंडियंस के इम्पैक्ट प्लेयर नेहाल वाढेरा को बोल्ड कर दिया। इस बार भी स्टंप दो टुकड़ों में बंट गया। इसके बाद आखिरी दो गेंद पर भी अर्शदीप ने केवल 1 रन दिया और अपनी टीम को जबरदस्त जीत दिला दी। पंजाब ने इस तरह से 13 रनों से जीत हासिल की।

प्लेयर ऑफ द मैच के असली हकदार अर्शदीप सिंह हैं - सैम करन

अर्शदीप सिंह ने इस मुकाबले में अपने 4 ओवरों के स्पेल में सिर्फ 29 रन देकर 4 विकेट लिए लेकिन प्लेयर ऑफ द मैच सैम करन को दिया गया। सैम करन ने बल्लेबाजी के दौरान 29 गेंद पर 55 रन बनाए थे। हालांकि सैम करन ने अवॉर्ड लेने के बाद कहा कि प्लेयर ऑफ द मैच के असली हकदार अर्शदीप सिंह हैं। उन्होंने कहा,

मैं इस अवॉर्ड का हकदार नहीं हूं। इसके असली हकदार अर्शदीप सिंह हैं। मैंने बस जो मेरी जिम्मेदारी थी उसे पूरा किया।

आपको बता दें कि पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 214 रन बनाए थे। जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 6 विकेट पर 201 रन ही बना सकी।

Quick Links

Edited by सावन गुप्ता