IPL 2023 : एमएस धोनी से भी ज्यादा खतरनाक बल्लेबाज हैं रोहित शर्मा, पूर्व खिलाड़ी ने बताई बड़ी वजह 

एम एस धोनी और रोहित शर्मा (इमेज - बीसीसीआई/आईपीएल)
एमएस धोनी और रोहित शर्मा (इमेज - बीसीसीआई/आईपीएल)

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) का मानना है कि महेंद्र सिंह धोनी आखिरी तीन ओवर में दुनिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाज हैं, लेकिन रोहित शर्मा (Rohit Sharma) अगर किसी गेम में शुरू से अंत तक टिक जाएँ, तो उनसे ज्यादा खतरनाक बल्लेबाज दूसरा कोई नहीं है। एमएस धोनी (MS Dhoni) और रोहित शर्मा इस वक्त आईपीएल 2023 (IPL 2023) में अपनी-अपनी टीम के साथ व्यस्त हैं। महेंद्र सिंह धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) अंक तालिका में सबसे ऊपर यानी नंबर वन पर पहुंच गई है।

वहीं, मुंबई इंडियंस ने इस सीजन की शुरुआत तो खराब की थी, लेकिन अब उनकी गाड़ी भी पटरी पर लौट आई है। मुंबई की टीम इस वक्त अंक तालिका में 6 अंक के साथ सातवें स्थान पर है।

धोनी से ज्यादा खतरनाक हैं रोहित शर्मा - हरभजन सिंह

स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत करते हुए हरभजन सिंह ने धोनी और रोहित को गेंदबाजी करने का अपना अनुभव शेयर किया है। हरभजन का मानना है कि महेंद्र सिंह धोनी आखिरी 3 ओवर में दुनिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाज हैं, लेकिन अगर पूरे मैच की बात करें तो वह रोहित शर्मा जितने खतरनाक बल्लेबाज नहीं हैं।

भज्जी ने कहा,

रोहित शर्मा को किसी भी दिन, किसी भी वक्त गेंदबाजी करना बहुत मुश्किल है। मैंने महेंद्र सिंह धोनी के खिलाफ ज्यादा गेंदबाजी नहीं की है, क्योंकि वो जब तक बल्लेबाजी करने आते थे, तब तक ज्यादातर समय मेरा स्पेल खत्म हो जाया करता था। लेकिन मैंने उन्हें जितनी भी गेंदबाजी की, उनमें उन्हें आउट भी किया है। हालांकि, गेम के आखिरी तीन ओवर में वह सबसे ज्यादा खतरनाक बल्लेबाज थे, लेकिन ज्यादातर मैचों में तब तक मेरे ओवर्स खत्म हो जाते थे।

इसके आगे हरभजन सिंह ने बताया कि रोहित शर्मा को गेंदबाजी करना काफी मुश्किल है। भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर और मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान हरभजन सिंह ने रोहित शर्मा के बारे में कहा,

अगर हम ओवरऑल बात करें तो रोहित शर्मा काफी बड़ा इम्पैक्ट डालते हैं। बल्लेबाजी स्किल्स की बात करें तो रोहित शर्मा एक क्लास खिलाड़ी हैं। अगर गेम को फिनिश करने की बात हो तो धोनी सबसे ज्यादा खतरनाक खिलाड़ी हैं, लेकिन अगर रोहित शुरू से लेकर अंत तक बल्लेबाजी करें तो उनसे अच्छा खिलाड़ी कोई और नहीं है।

Quick Links

Edited by Prashant Kumar