IPL 2023 : चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज ऑलराउंडर ने की एमएस धोनी और इयोन मोर्गन की तुलना, इन मामलों में बताया एक जैसा 

एमएस धोनी और इयोन मोर्गन कप्तान के रूप में वनडे वर्ल्ड कप जीत चुके हैं
एमएस धोनी और इयोन मोर्गन कप्तान के रूप में वनडे वर्ल्ड कप जीत चुके हैं

इंग्लैंड के ऑलराउंडर मोइन अली (Moeen Ali) को एमएस धोनी (MS Dhoni) और पूर्व इंग्लिश कप्तान इयोन मोर्गन (Eoin Morgan) के अंडर खेलने का काफी मौका मिला है। इसी वजह से वह इन दोनों दिग्गज कप्तानों को बेहतर तरीके से जानते हैं और उन्होंने इनकी तुलना करते हुए कुछ समानताएं भी बताई हैं। मोईन का मानना है कि स्थिति चाहे जो भी हो, दोनों एक जैसे ही शांत रहते हैं।

पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सबसे सफल कप्तानों में से एक माने जाते हैं। वह आईसीसी की तीनों ट्रॉफी जीतने वाले एकमात्र कप्तान भी हैं, जिसमें 2007 टी20 वर्ल्ड कप, 2011 वनडे वर्ल्ड और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी शामिल है।

वहीं इयोन मोर्गन को इंग्लैंड की सफ़ेद गेंद क्रिकेट को बदलने वाला कप्तान माना जाता है। वह अपने नेतृत्व में इंग्लिश टीम में आक्रामक एप्रोच लेकर आये और 2019 में टीम को वनडे वर्ल्ड कप भी जिताया था।

ईएसपीएन क्रिकइंफो पर मोइन अली ने दोनों कप्तानों की कुछ समानताएं बताई लेकिन एक बड़े अंतर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा,

वे बहुत समान हैं कि वे कितने स्पष्ट और शांत हैं, लेकिन बहुत अलग भी हैं। उनकी रुचियां और यह सब बहुत अलग हैं। सबसे बड़ा अंतर? एमएस अपनी अधिकांश कप्तानी गट फीलिंग के आधार पर करते हैं। मोर्ग्स के साथ भी ऐसा ही हो सकता है, लेकिन वह बहुत डाटा पर अधिक निर्भर थे। लेकिन वे दोनों बहुत शांत हैं। तौर-तरीकों के संदर्भ में, वे काफी हद तक समान हैं।

एमएस धोनी से आप किसी भी बारे में बात कर सकते हैं - मोइन अली

धोनी के बारे में बात करते हुए मोइन ने कहा कि बड़ी संख्या में फैंस के होने के बावजूद धोनी काफी विनम्र हैं और यही चीज उन्हें दूसरों से अलग बनाती है। उन्होंने कहा,

एमएस का वर्णन करने का सबसे अच्छा तरीका यह है कि वह एक बहुत ही सामान्य व्यक्ति हैं। जाहिर है कि उनके पास बड़े पैमाने पर फैंस हैं, लेकिन घमंड या फिर ऐसा कुछ भी नहीं है। वह बहुत विनम्र हैं। आप उनसे किसी भी बारे में बात कर सकते हैं। वह ठीक वैसे ही हैं जैसे आप उन्हें टीवी पर देखते हैं, मिलनसार और शांत।

आपको बता दें कि आईपीएल 2023 में एमएस धोनी की टीम आज अपने पांचवें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का सामना करेगी। पिछले मुकाबले में धोनी के चोटिल होने की भी जानकारी आई थी। ऐसे में देखना होगा कि यह दिग्गज आज होने वाले मुकाबले में नजर आएगा या नहीं।

Quick Links