IPL 2023 : मुंबई इंडियंस की जीत का इशान किशन और रोहित शर्मा ने मनाया जोरदार जश्न, जहीर खान को भी किया शामिल 

IPL 2023, Mumbai Indians vs Kolkata Knight Rider
जहीर खान को खींच कर ले जाते इशान किशन (pic - twitter)

आईपीएल 2023 के 22वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) को 5 विकेट से हरा दिया। इस जीत के बाद रोहित शर्मा (Rohit Sharma), इशान किशन (Ishan Kishan) और पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान (Zaheer Khan) के बीच एक मजेदार लम्हा देखने को मिला जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो गई।

दरअसल, मैच के बाद जहीर खान मैदान पर ही पार्थिव पटेल के साथ एक इंटरव्यू कर रहे थे। वहीं मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी भी जीत का जश्न मना रहे थे। इस दौरान रोहित और इशान किशन भी जश्न में शामिल थे। तभी, दोनों खिलाड़ी जहीर खान के पास आए और उन्हें खींचकर अपने साथ ले गए। बता दें कि जहीर खान कई सीजन तक मुंबई इंडियंस के सपोर्ट स्टाफ में रह चुके हैं।

इसके बाद मुंबई इंडियंस के अन्य खिलाड़ी अनुभवी लेग स्पिनर पीयूष चावला के पास आए और उन्हें भी अपने साथ ले गए। इस दौरान नीता अंबानी में मैदान में मुंबई इंडियंस का झंडा लहराते नजर आईं। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा और फैंस इसे शेयर करने लगे।

बता दें, इस मैच में मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 185 रन बनाए। इस मैच में वेंकटेश अय्यर ने शानदार बल्लेबाजी की और 51 गेंदों में 104 रन बनाए। इसके साथ ही वो ब्रेंडन मैकलम के बाद केकेआर के लिए शतक लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी बने।

वहीं, मुंबई इंडियंस ने लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छी शुरुआत की। इशान किशन ने इस मैच में 25 गेंदों में 58 रन बनाए, जबकि, सूर्यकुमार यादव ने 43, तिलक वर्मा ने 30 और टिम डेविड ने नाबाद 24 रन बनाए। इसके साथ ही मुंंबई इंडियंस ने यह मुकाबला 5 विकेट से जीत लिया। इस जीत के साथ ही मुंबई इंडियंस ने अपने खाते में 2 पॉइंट और जोड़ लिए। इस समय वो आईपीएल पाइंट्स टेबल में चार अंक के साथ आठवें स्थान पर मौजूद हैं।

Quick Links

Edited by Prashant Kumar
Be the first one to comment