IPL 2023 : मुंबई इंडियंस की पहली जीत का कप्तान रोहित शर्मा ने खास अंदाज में मनाया जश्न, देखें वीडियो 

रोहित शर्मा ने फैंस के साथ सेल्फी क्लिक की
रोहित शर्मा ने फैंस के साथ सेल्फी क्लिक की

इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में मंगलवार को मुंबई इंडियंस (MI) को पहली जीत मिली। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 6 विकेट से हराया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच का नतीजा आखिरी गेंद पर निकला। मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने 5 बार की चैंपियन टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 45 गेंद पर 65 रन बनाए। 'हिटमैन' इस जीत से काफी खुश दिखे। उन्होंने खास अंदाज में जीत का जश्न मनाया।

रोहित शर्मा मैच के बाद सीजन में मुंबई इंडियंस की पहली जीत का जश्न मनाने फैंस के बीच पहुंचे। फैंस ने उनके साथ सेल्फी लेने की इच्छा जाहिर की, तो उन्होंने उन्हें निराश नहीं किया। उन्होंने खुद सेल्फी ली। फैंस के चेहरे पर खुशी देखने लायक थी। इसके बाद उनसे हाथ भी मिलाया। मुंबई इंडियंस ने इंस्टाग्राम पर इसका वीडियो शेयर किया। रोहित शर्मा ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अर्धशतक जड़कर 24 पारियों का सूखा ख़त्म किया। उन्होंने इससे पहले आईपीएल में साल 2021 में अर्धशतक लगाया था।

रोहित शर्मा के बल्ले से आईपीएल 2022 में एक भी अर्धशतक नहीं निकला था। पिछला सीजन मुंबई के लिए भी काफी खराब रहा था। टीम अंक तालिका में आखिरी पायदान पर रही थी। आईपीएल 2023 में भी उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहले दो मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा। तीसरे में उसे जीत मिली। मुंबई के लिए दिल्ली के खिलाफ मैच में इशान किशन की बल्लेबाजी भी पॉजिटिव चीज रही। वह 31 रन बनाकर रन आउट हुए।

तिलक वर्मा बेहतरीन फॉर्म में चल ही रहे हैं। दिल्ली के खिलाफ भी उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी। हालांकि, टीम के लिए परेशानी का सबब सूर्यकुमार यादव का फॉर्म है। वह दिल्ली के खिलाफ गोल्डन डक पर आउट हुए। फील्डिंग के दौरान उन्हें चोट भी लगी थी और वह बल्लेबाजी के लिए अपने नियमित क्रम पर नहीं आये।

Quick Links

Edited by Prashant Kumar
Be the first one to comment