IPL 2023 - अगर 22 फील्डर लगा दो, तब भी सूर्यकुमार यादव बाउंड्री लगा देंगे...दिग्गज बल्लेबाज को लेकर पाकिस्तान से आया बयान

Nitesh
सूर्यकुमार यादव बल्लेबाजी के दौरान (Photo Credit - IPLT20)
सूर्यकुमार यादव बल्लेबाजी के दौरान (Photo Credit - IPLT20)

मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) को लेकर पाकिस्तान के पूर्व स्पिनर दानिश कनेरिया ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सूर्यकुमार यादव इतने एनिमेटेड खिलाड़ी हैं कि उनके खिलाफ अगर आप मैदान में 22 फील्डर भी लगा दें तब भी वो बाउंड्री लगा देंगे।

मोहाली में खेले गए आईपीएल 2023 के 46वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हरा दिया। पहले खेलते हुए पंजाब किंग्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 214/3 का विशाल स्कोर बनाया, जवाब में मुंबई इंडियंस ने 18.5 ओवर में ही इस टार्गेट को आसानी से अपने नाम कर लिया।

मुंबई इंडियंस की इस जीत में सूर्यकुमार यादव का काफी बड़ा योगदान रहा। उन्होंने सिर्फ 31 गेंद पर 8 चौके और 2 छक्के की मदद से 66 रनों की जबरदस्त पारी खेली। हालांकि आखिर में जब मैच फिनिश करने की बारी आई तब वो आउट हो गए।

सूर्यकुमार यादव काफी अच्छी तरह से गैप ढूंढ लेते हैं - दानिश कनेरिया

दानिश कनेरिया के मुताबिक सूर्यकुमार यादव जिस तरह से गैप को ढूंढ लेते हैं, उसकी वजह से वो बाकी बल्लेबाजों से काफी अलग नजर आते हैं। अपने यू-ट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान दानिश कनेरिया ने कहा "जिस तरह से सूर्यकुमार यादव ने बल्लेबाजी की, शिखर धवन को कोई आइडिया नहीं था कि वो क्या करें। 11 खिलाड़ियों को तो भूल जाइए, अगर 22 फील्डर भी हों ना तब भी सूर्यकुमार यादव काफी आसानी से गैप ढूंढ लेंगे। उन्होंने प्वॉइंट के ऊपर से छक्का लगाया और उसके बाद फ्लिक शॉट के जरिए भी गेंद को बाउंड्री के बाहर भेज दिया। गेंदबाजों के पास कोई जगह ही नहीं बचती है जहां पर वो उन्हें गेंदबाजी करें।"

दानिश कनेरिया के मुताबिक शिखर धवन ने अर्शदीप सिंह से ज्यादा गेंदबाजी करवाकर भी गलती कर दी। उन्होंने कहा कि जब अर्शदीप महंगे साबित हो रहे थे तब उन्हें ज्यादा बॉलिंग नहीं देना चाहिए था।

Quick Links

Edited by Nitesh
Be the first one to comment