IPL 2024: जानिए किन 3 कारणों से दिल्ली कैपिटल्स को पंजाब किंग्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा

IPL 2024
IPL 2024 में दिल्ली कैपिटल्स को किस वजह से मिली हार?

IPL 2024: आईपीएल (IPL 2024) का दूसरा मुकाबला चंडीगढ़ में पंजाब किंग्स (Punjab Kings) और दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के बीच खेला गया। यह मुकाबला काफी ज्यादा खास था, क्योंकि इसके जरिए दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत (Rishabh Pant) ने एक बार फिर मैदान पर वापसी की।

उन्होंने 13 गेंदों पर 2 चौके की मदद से 18 रन बनाए, लेकिन वो अपनी टीम को जीत दिलाने में कामयाब नहीं हुए और दिल्ली कैपिटल्स को पंजाब किंग्स के खिलाफ आखिरी ओवर में हार का सामना करना पड़ा। सैम करन को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस आर्टिकल के जरिए हम आपको दिल्ली कैपिटल्स की हार के कारण बताने वाले हैं।

#) IPL 2024 के दूसरे मैच में दिल्ली कैपिटल्स को कैच ड्रॉप करना पड़ा भारी

दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों ने पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों को रोकने का पूरा प्रयास किया, लेकिन इस बीच अहम मौकों पर टीम के फील्डर ने गेंदबाजों का साथ नहीं दिया। पहले ट्रिस्टन स्टब्स ने 14वें ओवर में सैम करन का कैच ड्रॉप किया और यह दिल्ली को काफी भारी पड़ा। करन का जब कैच छूटा, तब वो 33 रन बनाकर खेल रहे थे और इसके बाद उन्होंने 30 रन और बनाए।

इसके अलावा 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर डेविड वॉर्नर ने हरप्रीत बरार का कैच छोड़ा और उन्हें दो रन मिले। यह कहना गलत नहीं होगा कि अगर दिल्ली कैपिटल्स सही समय पर कैच पकड़ने में कामयाब हो जाती तो मैच का नतीजा उनके पक्ष में हो सकता था और यह उनकी हार का मुख्य कारण भी रहा।

#) IPL 2024 के दूसरे मैच में मिचेल मार्श की खराब गेंदबाजी

दिल्ली कैपिटल्स को तगड़ा झटका तब लगा जब इशांत शर्मा चोटिल हो गए थे और आखिरी में गेंदबाजी करने के लिए उपलब्ध ही नहीं थे। इसी वजह से दिल्ली ने अंत में मिचेल मार्श को गेंद थमाई और पंत ने उम्मीद की होगी कि मार्श अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए मैच का रुख दिल्ली की तरफ करेंगे।

हालांकि, मार्श ने पूरी तरह निराश किया और अपने आखिरी दो ओवरों में 36 रन खर्च किए। इसमें उनके खिलाफ करन और लिविंगस्टोन ने 3 चौके और 3 छक्के लगाए। मार्श ने अपने 4 ओवरों में बिना कोई विकेट लिए 52 रन खर्च किए और इसी वजह से मैच का दिल्ली की पकड़ से काफी दूर हो गया। अंत में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

#) सैम करन और लियाम लिविंगस्टोन की साझेदारी

174 रनों का पीछा करते हुए एक समय पंजाब किंग्स का स्कोर 100-4 था और वो मुश्किल में दिखाई दे रहे थे। यहां पर सैम करन और लियाम लिविंगस्टोन ने 67 रनों की जबरदस्त साझेदारी की और पंजाब को जीत के करीब पहुंचाया।

एक तरफ करन ने 47 गेंदों में 6 चौके और एक छक्के की मदद से 63 रन बनाए, दूसरी तरफ लियाम लिविंगस्टोन ने नाबाद रहते हुए 21 गेंदों में दो चौके और तीन छक्कों की मदद से 38* रन बनाए। लिविंगस्टोन ने छक्का लगाते हुए पंजाब को जीत दिलाई और उन्हें आउट नहीं कर पाने के कारण दिल्ली को हार का सामना करना पड़ा।

Quick Links

App download animated image Get the free App now