IPL 2024: मुंबई इंडियंस की पारी के दौरान लखनऊ सुपर जायंट्स के मयंक यादव ने बीच में ही छोड़ी गेंदबाजी, फिर से चोटिल होने का मंडराया खतरा

मयंक यादव फिर हुए चोटिल (Photo Courtesy: IPLt20.com)
मयंक यादव फिर हुए चोटिल (Photo Courtesy: IPLt20.com)

Mayank Yadav Injury: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में आज लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस (LSG vs MI) के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में जारी है। लखनऊ के लिए मैच में स्टार युवा तेज गेंदबाज मयंक यादव ने वापसी की। हालांकि उनकी वापसी ज्यादा खास नहीं रही और वह अपने स्पेल के अंतिम ओवर की पहली गेंद डालकर मैदान से बाहर चले गए।

दरअसल, मयंक यादव चोटिल होने की वजह से लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए पिछले 5 मुकाबले नहीं खेल सके थे। आज मुंबई इंडियंस के खिलाफ वह रिकवरी के बाद वापस लौटे थे। हालांकि मयंक यादव को आज भी इंजरी ने घेर लिया और वह अपने स्पेल के पूरे 4 ओवर नहीं कर पाए।

अपने स्पेल के अंतिम ओवर को पूरा नहीं कर पाए मयंक यादव

मुंबई इंडियंस की पारी का 19वां ओवर लखनऊ के लिए मयंक यादव लेकर आए थे। इस ओवर की पहली गेंद पर उन्होंने मुंबई के बल्लेबाज मोहम्मद नबी को पवेलियन की राह दिखाई। हालांकि विकेट लेने के बाद मयंक ने ठीक महसूस नहीं किया और वह पवेलियन की ओर बिना ओवर पूरा किए लौट गए।

मयंक के बाहर जाने के बाद ओवर की बची हुई पांच गेंदें नवीन उल हक ने फेंकी। मयंक को इस बार कितनी गंभीर चोट आई है। फिलहाल इसे लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है लेकिन उनकी चोट ने लखनऊ सुपर जायंट्स की चिंताए बढ़ा दी हैं। लखनऊ की टीम यही चाहेगी कि उनका यह स्टार तेज गेंदबाज जल्द से जल्द पूरी तरह से फिट होकर मैदान पर वापस लौटे और बल्लेबाजों को अपनी तेज तर्रार गेंदों से पवेलियन की राह दिखाए।

आपको बता दें कि मयंक यादव ने आईपीएल 2024 में एंट्री के साथ ही लगातार सुर्खियां बटोरी हैं। उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ पहला मुकाबला खेला था। पहले मैच में ही मयंक ने अपनी रफ्तार से पंजाब के बल्लेबाजों को हक्का-बक्का कर दिया था। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने मुकाबले में 27 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए थे।

मयंक की रफ्तार का बोलबला अगले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ भी कायम रहा। आरसीबी के खिलाफ मयंक ने गेंद से कहर बरपाते हुए सिर्फ 14 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए थे और लगातार दूसरी बार प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड अपने नाम किया था।

Quick Links

App download animated image Get the free App now