मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ IPL 2024 में किया अनोखा कारनामा, T20 में खास तरह के सबसे बड़े टोटल का आंकड़ा आया सामने

(Photo Courtesy: IPLt20.com)
(Photo Courtesy: IPLt20.com)

इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) के 20वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) को 29 रनों से मात दी। मैच में मुंबई के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 234 रन बनाए। जवाब में दिल्ली की टीम पूरे ओवर खेलकर 205 रन ही बना सकी। अपने इस बड़े स्कोर के साथ मुंबई इंडियंस ने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

दरअसल, दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस के किसी भी बल्लेबाज ने 50 या उससे ज्यादा रन नहीं बनाए। फिर भी टीम 234 रनों के स्कोर तक पहुंच सकी। ऐसे में अब मुंबई इंडियंस टी20 क्रिकेट के इतिहास में बिना किसी बल्लेबाज द्वारा 50 या उससे अधिक रन बनाए बिना सबसे ज्यादा टोटल बनाने वाली टीम बन गई है।

मुंबई इंडियंस ने इस मामले में समरसेट को पछाड़ दिया है। समरसेट की टीम ने केंट के खिलाफ साल 2018 में बिना किसी बल्लेबाज के 50+ स्कोर के बिना 226/5 का स्कोर बनाया था। लिस्ट में तीसरे नंबर पर पर संयुक्त रूप से ऑस्ट्रेलिया और सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की टीम है। ऑस्ट्रेलिया ने 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ और सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ने 2019 में नार्दर्न डिस्ट्रिक्ट के खिलाफ 221/5 का स्कोर बनाया था।

आज के मुकाबले में मुंबई इंडियंस की ओर से सबसे ज्यादा रन दिग्गज सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने बनाए। उन्होंने 27 गेंदों पर 6 चौके और 3 छक्कों की मदद से 49 रन बनाए। वहीं पारी के आखिरी ओवर में रोमारियो शेफर्ड का बल्ला जमकर बोला। उन्होंने मुंबई इंडियंस की पारी के आखिरी ओवर में एनरिक नार्टजे के खिलाफ 32 रन बनाए थे। इस ओवर में उनके बल्ले से 4 छक्के और 2 चौके निकले थे। शेफर्ड ने 10 गेंदों में 39 रनों की नाबाद पारी खेली।

Quick Links

App download animated image Get the free App now