Glenn Maxwell Unwanted Record : ग्लेन मैक्सवेल का प्रदर्शन आईपीएल 2024 में बिल्कुल भी अच्छा नहीं रहा था। वो लगातार फ्लॉप हुए थे और उनका यह शर्मनाक प्रदर्शन आईपीएल 2025 में भी जारी है। मैक्सवेल ने लंबे समय के बाद पंजाब किंग्स की टीम में वापसी की थी लेकिन उनकी यह वापसी बिल्कुल भी यादगार नहीं रही। वो गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में बिना खाता खोले पहली ही गेंद पर आउट हो गए। इस तरह ग्लेन मैक्सवेल के नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।
ग्लेन मैक्सवेल गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में शून्य पर आउट हो गए। उन्हें साई किशोर ने अपना शिकार बनाया। हालांकि ग्लेन मैक्सवेल अगर रिव्यू लेते तो फिर बच सकते थे और शायद उनके नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी दर्ज ना हुआ होता। दरअसल मैक्सवेल को पगबाधा आउट करार दिया गया था लेकिन गेंद स्टंप को मिस कर रही थी। मैक्सवेल ने रिव्यू नहीं लिया था और इसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा।
ग्लेन मैक्सवेल ने सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने का बनाया रिकॉर्ड
अब ग्लेन मैक्सवेल आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। वो आईपीएल में सबसे ज्यादा 19 बार जीरो पर पवेलियन लौट चुके हैं। इससे पहले रोहित शर्मा और दिनेश कार्तिक के साथ वो बराबरी पर थे। रोहित शर्मा और दिनेश कार्तिक 18-18 बार आईपीएल में शून्य पर आउट हुए हैं लेकिन ग्लेन मैक्सवेल अब 19वीं बार जीरो पर आउट हो चुके हैं। इस तरह उनके नाम शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।
आपको बता दें कि इससे पहले रोहित शर्मा चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबले में बिना खाता खोले आउट हो गए थे। तब उन्होंने ग्लेन मैक्सवेल और दिनेश कार्तिक के रिकॉर्ड की बराबरी की थी। हालांकि अब ग्लेन मैक्सवेल शून्य पर आउट हो गए हैं और वो रोहित शर्मा से आगे निकल गए हैं।
अहमदाबाद में हो रहे इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर फील्डिंग करने का फैसला किया। गुजरात टाइटंस ने महिपाल लोमरोड़, गेराल्ड कोएट्जे और जयंत यादव जैसे खिलाड़ियों को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं दी। इसके अलावा इशांत शर्मा को भी प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया।