Gujarat Titans vs Punjab Kings : आईपीएल 2025 का 5वां मुकाबला गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स के बीच खेला गया। इस मैच में पंजाब किंग्स की टीम ने शानदार जीत हासिल की। पहले बैटिंग करते हुए पंजाब किंग्स ने कप्तान श्रेयस अय्यर के धुआंधार पारी की बदौलत निर्धारित 20 ओवर्स में 5 विकेट के नुकसान पर 243 रन बनाए। इसके जवाब में गुजरात टाइटंस की टीम 232 रन ही बना सकी। इस तरह गुजरात टाइटंस को अपने पहले ही मैच में 11 रन से हार का सामना करना पड़ा।
श्रेयस अय्यर ने काफी विस्फोटक पारी खेली
गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीता और फील्डिंग करने का फैसला किया। हालांकि पंजाब किंग्स ने काफी तूफानी बल्लेबाजी की। पंजाब किंग्स की शुरुआत काफी अच्छी रही थी। विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरण सिंह और युवा बल्लेबाज प्रियांश आर्या ने टीम को विस्फोटक शुरुआत दिलाई। प्रियांश आर्या ने अपने डेब्यू मैच में ही 23 गेंद पर 7 चौके और 2 छक्के की मदद से 47 रनों की पारी खेली। जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने मात्र 42 गेंद पर 5 चौके और 9 छक्के की मदद से नाबाद 97 रन बनाए। वहीं शशांक सिंह ने मात्र 16 गेंद पर 6 चौके और 2 छक्के की मदद से नाबाद 44 रन बनाए। पंजाब किंग्स के लिए ग्लेन मैक्सवेल और मार्कस स्टोइनिस जैसे खिलाड़ी फ्लॉप रहे। गुजरात टाइटंस की तरफ से मोहम्मद सिराज काफी महंगे साबित हुए। उन्होंने 4 ओवरों के स्पेल में 54 रन दे दिए और एक भी विकेट नहीं ले पाए।
गुजरात टाइटंस को आखिर में आकर मिली हार
टारगेट का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत काफी अच्छी रही। कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 5.5 ओवर में 61 रनों की साझेदारी की। साई सुदर्शन ने 41 गेंद पर 5 चौके और 6 छक्के की मदद से धुआंधार 74 रन बनाए। जबकि शुभमन गिल ने 14 गेंद पर 2 चौके और 3 छक्के की मदद से 33 रनों की पारी खेली। इसके बाद जोस बटलर और शेरफेन रदरफोर्ड ने पारी को संभाला। जोस बटलर ने 33 गेंद पर 4 चौके और 2 छक्के की मदद से 54 रनों की पारी खेली। शेरफेन रदरफोर्ड ने 28 गेंद पर ताबड़तोड़ 46 रन बनाए लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।