इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2021) का 14वां सीजन इस समय चल रहा है और अभी तक कई शानदार मुकाबले देखने को मिल चुके हैं। मौजूदा समय में चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) अंक तालिका में सबसे ऊपर है, दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) दूसरे और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (Royal Challengers Bangalore) तीसरे स्थान पर हैं। यह टीमें इस समय अंक तालिका में भी टॉप 4 में शामिल हैं।
अभी तक IPL के 14 सीजन में ऐसे बहुत कम खिलाड़ी ही रहे हैं, जोकि हर सीजन में खेलते हुए नजर आए हैं। इसमें महेंद्र सिंह धोनी, रोहित शर्मा, विराट कोहली, दिनेश कार्तिक, एबी डीविलियर्स जैसे प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं।
हालांकि आपको जानकर हैरानी होगी कि अभी तक सिर्फ 5 ही खिलाड़ी IPL में 200 या उससे ज्यादा मुकाबले खेलने में कामयाब हुए हैं। गौर करने वाली बात यह है कि यह सभी खिलाड़ी भारत के हैं।
आइए नजर डालते हैं अभी तक कौन से भारतीय खिलाड़ी IPL में 200 या उससे ज्यादा मुकाबले खेल चुके हैं:
#) विराट कोहली (200 मैच)

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली ने 20 सितंबर 2021 को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अपने IPL करियर का 200वां मुकाबला खेला। अपने करियर में विराट कोहली ने 200 मुकाबलों में 37.77 की औसत और 130.40 के स्ट्राइक रेट से 6081 रन बनाए हैं। इस बीच कोहली ने 40 अर्धशतक और 5 शतक भी लगाए हैं। विराट कोहली अभी तक अपने IPL करियर में सभी मैच आरसीबी के लिए खेले हैं।
#) सुरेश रैना (201 मैच)

चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज बल्लेबाज सुरेश रैना ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ IPL 2021 में अपने करियर का 200वां मैच खेला। रैना ने अभी तक अपने करियर में 201 मैचों में 136.79 के स्ट्राइक रेट और 32.90 के औसत से 5495 रन बनाए हैं। रैना ने इस बीच 39 अर्धशतक और एक शतक भी लगाया है। IPL में सुरेश रैना चेन्नई सुपर किंग्स के अलावा गुजरात लायंस के लिए भी खेले हैं।
#) दिनेश कार्तिक (203 मैच)

कोलकाता नाइट राइडर्स के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने IPL 2021 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अपने करियर का 200वां मुकाबला खेला है। कार्तिक ने अपने IPL करियर में अभी तक 204 मुकाबलों में 26.13 की औसत और 129.88 के स्ट्राइक रेट के साथ 3946 रन बनाए हैं।
इस बीच दिनेश कार्तिक ने 19 अर्धशतक भी जड़े हैं और उनका सर्वाधिक स्कोर 97* रन हैं। कीपिंग करते हुए कार्तिक ने 121 कैच और 31 स्टंपिंग भी की हैं। आपको बता दें कि IPL में कार्तिक दिल्ली डेयरडेविल्स (अब कैपिटल्स), किंग्स XI पंजाब (अब पंजाब किंग्स), मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और गुजरात लायंस के लिए भी खेले हैं।
#) रोहित शर्मा (207 मैच)

मुंबई इंडियंस के कप्तान और 5 बार अपनी कप्तानी में टीम को खिताबी जीत दिला चुके रोहित शर्मा IPL में अभी तक 207 मुकाबले खेल चुके हैं। रोहित शर्मा ने IPL 2020 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ फाइनल मुकाबले में अपना 200वां IPL मैच खेला था। अपने IPL करियर में रोहित शर्मा ने अभी तक 31.49 की औसत और 130.50 के स्ट्राइक रेट के साथ 5480 रन बनाए हैं।
रोहित शर्मा ने अपने IPL करियर में 40 अर्धशतक और एक शतक भी लगाया है। इस बीच IPL में उनका सर्वाधिक स्कोर 109* रन हैं। आपको बता दें कि IPL में रोहित शर्मा डेक्कन चार्जर्स के लिए भी खेल चुके हैं।
#) महेंद्र सिंह धोनी (212 मैच)

चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी IPL इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं। धोनी ने अभी तक अपने IPL करियर में 209 मुकाबले खेले हैं और 200वां मैच उन्होंने IPL 2020 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेला था। अपने IPL करियर में धोनी ने 212 मैचों में 39.93 की औसत और 136.524 के स्ट्राइक रेट के साथ 4672 रन बनाए हैं।
इस बीच धोनी ने अपने IPL करियर में 23 अर्धशतक भी लगाए हैं और उनका सर्वाधिक स्कोर 84* रन हैं। कीपिंग करते हुए धोनी ने IPL में 118 कैच और 39 स्टंपिंग भी किए हैं। आपको बता दें कि धोनी IPL में चेन्नई सुपर किंग्स के अलावा राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स के लिए भी खेले हैं।
