Irani Cup : चेतेश्वर पुजारा बड़ी पारी खेलने में नाकाम, इंडिया के सामने मुश्किल में जयदेव उनादकट की टीम 

चेतेश्वर पुजारा अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाए (Photo Courtesy : PTI)
चेतेश्वर पुजारा अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाए (Photo Courtesy : PTI)

राजकोट में खेले जा रहे ईरानी कप (Irani Cup 2023) के दूसरे दिन का खेल रेस्ट ऑफ इंडिया के नाम रहा और टीम अच्छी स्थिति में नजर आ रही है। स्टंप्स तक सौराष्ट्र ने पहली पारी खेलते हुए 80 ओवर में 212/9 का स्कोर बना लिया था। कप्तान जयदेव उनादकट 17 रन बनाकर नाबाद थे, जबकि उनके साथ मौजूद युवराजसिंह डोडिया का खाता नहीं खुला था। इससे पहले आज सौराष्ट्र की पहली पारी 308 के स्कोर पर सिमटी।

कल के स्कोर 298/8 से आगे खेलते हुए रेस्ट ऑफ इंडिया ने 90.2 ओवर में 300 रन पूरे किये। टीम को 309 के स्कोर पर नौवां झटका लगा और नवदीप सैनी 9 रन बनाकर धर्मेंद्रसिंह जडेजा की गेंद पर एलबीडबल्यू हो गए। सौरभ कुमार को आउट कर पार्थ भट्ट ने पारी को समाप्त किया। सौरभ ने 67 गेंदों में पांच चौके की मदद से 39 रनों की पारी खेली। रेस्ट ऑफ इंडिया ने अपनी पारी में 94.2 ओवर खेले। सौराष्ट्र की तरफ से पार्थ भट्ट ने सबसे ज्यादा पांच विकेट लिए।

लंच से पहले बल्लेबाजी करने उतरी सौराष्ट्र की शुरुआत खराब रही। ओपनर हार्विक देसाई बिना कोई रन बनाये पहले ही ओवर में वी कवेरप्पा का शिकार बने। दूसरे ओपनर चिराग जानी भी 2 रन बनाकर 4 के स्कोर पर चलते बने। यहाँ से चेतेश्वर पुजारा ने समर्थ व्यास के साथ मिलकर स्कोर को 50 के पार पहुँचाया। पुजारा चार चौके की मदद से 29 रन बनाकर 51 के स्कोर पर आउट हुए। लंच तक सौराष्ट्र ने 28 ओवर में 51/3 का स्कोर बना लिया था।

लंच के बाद, सबसे पहले शेल्डन जैक्सन आउट हुए। उनके बल्ले से 13 रन आये। व्यास भी 29 रन बनाकर 77 के स्कोर पर चलते बने। अर्पित वसावडा और प्रेरक मांकड़ ने स्कोर को 100 के पार पहुँचाया, दोनों के बीच 47 रनों की साझेदारी हुई। चाय से कुछ देर पहले मांकड़ को कवेरप्पा ने चलता किया और उनकी 29 रनों की पारी पर ब्रेक लगाया। चाय के समय तक सौराष्ट्र ने 55 ओवर में 125/6 का स्कोर बना लिया था।

अंतिम सेशन में वसावडा को पार्थ भट्ट का साथ मिला और दोनों स्कोर को 178 तक ले गए। पार्थ ने 52 गेंदों में 20 रन बनाये। वसावडा अर्धशतक जड़ने में कामयाब रहे और 127 गेंदों में 54 रन बनाकर पवेलियन लौटे। स्टंप्स के समय रेस्ट ऑफ़ इंडिया के पहली पारी के स्कोर से सौराष्ट्र अभी भी 96 रन पीछे थी औार उनका एक विकेट ही शेष है। रेस्ट ऑफ इंडिया के लिए वी कवेरप्पा और सौरभ कुमार को तीन-तीन सफलतायें मिलीं।

Quick Links