महेंद्र सिंह धोनी जैसी उपलब्धियां दिलाना आसान काम नहीं : रविचन्द्रन अश्विन

331 मैचों में भारतीय टीम का नेतृत्व करने वाले महेंद्र सिंह धोनी ने बुधवार को (4 जनवरी) को वन-डे और टी20 की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया था। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने आईसीसी द्वारा आयोजित तीन मुख्य टूर्नामेंटों में जीत दर्ज की है। 2007 में धोनी के नेतृत्व में भारत ने टी20 विश्वकप, 2011 में एकदिवसीय विश्वकप और 2013 में आईसीसी चैम्पियन्स ट्रॉफी आदि खिताब जीते हैं। माही के नाम से मशहूर इस खिलाड़ी ने 2011 विश्वकप के फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ धमाकेदार नाबाद 91 रन की पारी खेली तथा गौतम गंभीर के साथ मिलकर बहुमूल्य साझेदारी करते हुए टीम को विजेता बनाया था। स्टार भारतीय ऑफस्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने धोनी के योगदान के लिए उनकी जमकर तारीफ की है। उन्होंने उनकी नेतृत्व क्षमता और मैदान पर कौशल का जिक्र करते हुए उनकी उपलब्धियों को भी याद किया। 30 वर्षीय इस ऑफस्पिनर ने कहा “मुझे लगता है धोनी एक खिलाड़ी के रूप में उपलब्ध रहेंगे, उनका करियर बहुत अद्भुत और शानदार रहा है। कप्तान के रूप में बड़े-बड़े नेतृत्वकर्ताओं के लिए धोनी से सीखने को कई चीजें हैं। अगर कोई धोनी की उपलब्धियों जैसा दे सकता है, तो यह बिल्कुल आसान बात नहीं है। यह अत्यंत कठिन कार्य है।“ बता दें कि भारतीय टेस्ट कप्तान विराट कोहली को धोनी के इस्तीफे के बाद टीम की कमान थमाई गई है। 28 वर्षीय कोहली को आक्रामक रुख वाले कप्तान के लिए जाना जाता है। अश्विन ने इस विषय पर कहा “यह एक उत्तेजक पार्ट होगा। ये सब समय को परखने और साथ मिलकर काम करने की चीजें होती है। कोहली शानदार हैं और सलाह- मशविरा ढूंढते रहते हैं।" धोनी के बाद कोहली के नेतृत्व के बारे में इस ऑफस्पिनर ने कहा “धोनी के बाद कोई आगे आएगा, यह सवाल करना गलत है। कोहली भी कम नहीं है अगर आप उनके पिछले एक वर्ष के टेस्ट क्रिकेट प्रदर्शन को देखें। उनका कप्तानी संभालने का यह सही वक्त है, मुझे लगता है कि धोनी ने कोहली को लीडरशिप देने के लिए ही कप्तानी छोड़ी है।“ उल्लेखनीय है कि विराट कोहली के नेतृत्व में भारतीय टेस्ट टीम पिछले दो साल से शानदार प्रदर्शन कर रही है तथा लगातार 18 मैचों में अविजित रही है।

Edited by Staff Editor