"आप लोग मुझे IPL के लिए खरीद लो"- स्टार भारतीय बल्लेबाज का मुंबई इंडियंस से आग्रह

अगले साल से शुरु हो सकता है महिला IPL (तस्वीर: जेमिमा रोड्रिगेज ट्विटर)
अगले साल से शुरु हो सकता है महिला IPL (तस्वीर: जेमिमा रॉड्रिग्स ट्विटर)

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज जेमिमा रॉड्रिग्स (Jemimah Rodrigues) का आज जन्मदिन है और उन्हें क्रिकेट जगत से तमाम शुभकामनाएं मिल रही हैं। जेमिमा 05 सितंबर, 2022 को अपना 22वां जन्मदिन मना रही हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की सबसे सफल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस (MI) ने जेमिमा को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।

इस शुभकामना पर जेमिमा द्वारा दिया गया जवाब काफी वायरल हो रहा है। मुंबई इंडियंस के ट्विटर अकाउंट से जेमिमा को जन्मदिन की बधाई दी गई थी जिसके जवाब में उन्होंने लिखा,

धन्यवाद यह अच्छा होगा कि महिला आईपीएल के लिए आप लोग मुझे खरीदें। मैं बस कह रही हूं।

इस पर मुंबई के ट्विटर अकाउंट से भी एक मजेदार रिप्लाई आया है। मुंबई इंडियंस के अकाउंट से फैंस से सवाल पूछा गया है कि क्या वे जेमिमा को खरीदने पर विचार करें या नहीं।

2018 में किया था जेमिमा ने इंटरनेशनल डेब्यू

दाएं हाथ की बल्लेबाज जेमिमा ने 2018 में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था और फिलहाल भारतीय टीम की स्थाई सदस्य बन चुकी हैं। उन्होंने अब तक भारतीय टीम के लिए 21 वनडे और 58 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। वनडे में जेमिमा ने लगभग 20 की औसत के साथ 394 रन बनाए हैं जिसमें तीन अर्धशतक शामिल रहे हैं। टी20 में उन्होंने लगभग 30 की औसत के साथ 1273 रन बनाए हैं। टी20 में उन्होंने अब तक सात अर्धशतक लगाए हैं।

जेमिमा को इस साल की शुरुआत में खेले गए महिला विश्वकप के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिली थी, लेकिन फिर श्रीलंका दौरे के साथ उन्होंने भारतीय टीम में वापसी की थी। बर्मिंघम में खेले गए राष्ट्रमंडल खेल में जेमिमा का प्रदर्शन अच्छा रहा था उन्होंने भारतीय टीम के लिए पांच मैचों में 146 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने बारबाडोस के खिलाफ टूर्नामेंट का अपना इकलौता अर्धशतक भी लगाया था। टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले में जेमिमा का प्रदर्शन अच्छा रहा था और उन्होंने भारत को मैच जिताने वाली पारी खेली थी।

Quick Links