किरोन पोलार्ड आईपीएल के लिए पहुंचे मुंबई, सोशल मीडिया पर बड़ी प्रतिक्रिया

Nitesh
2019 IPL Final - Mumbai v Chennai
2019 IPL Final - Mumbai v Chennai

आईपीएल 2022 (IPL) के लिए खिलाड़ियों के मुंबई पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। आईपीएल के इस सीजन के ज्यादातर मुकाबले मुंबई में ही खेले जाएंगे और इसी वजह से सभी प्लेयर लगातार वहां पहुंच रहे हैं। इस कड़ी में मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के दिग्गज ऑलराउंडर किरोन पोलार्ड (Kieron Pollard) भी आईपीएल के लिए मुंबई पहुंच चुके हैं।

किरोन पोलार्ड आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए पिछले कई सीजन से खेल रहे हैं। उन्होंने कई जबरदस्त पारियां टूर्नामेंट में खेली हैं। कई मैचों में उन्होंने अकेले दम पर टीम को जीत दिलाई। यही वजह है कि मुंबई इंडियंस ने ऑक्शन से पहले उन्हें रिटेन कर लिया था। अब एक बार फिर पोलार्ड मुंबई इंडियंस की जर्सी में पूरी तरह से खेलने के लिए तैयार हैं।

मुंबई इंडियंस टीम के साथ जुड़े किरोन पोलार्ड

पोलार्ड के मुंबई पहुंचने की जानकारी फ्रेंचाइजी के सोशल मीडिया पेज पर दी गई। कैप्शन में लिखा गया "पोलार्ड अपने घर पहुंच चुके हैं और हम उनको लेकर काफी उत्साहित हूं। मुंबई में आपका स्वागत है बिग मैन।"

आपको बता दें कि मुंबई इंडियंस की टीम इस आईपीएल सीजन दूसरा मुकाबला खेलेगी। पहला मैच 26 मार्च को चेन्नई और केकेआर के बीच खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा मुकाबला मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस को ज्यादा मैच नहीं मिले हैं। सिर्फ चार ही मुकाबले मुंबई की टीम वहां खेलेगी।

मुंबई इंडियंस ने इस बार नीलामी में कई दिग्गज प्लेयर्स को खरीदा है। टीम ने इशान किशन को 15 करोड़ 25 लाख की राशि में खरीदा था। वहीं इंग्लैंड के प्रमुख तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को भी टीम ने शामिल किया। मुंबई ने अन्य टीमों के साथ हुई बिड वॉर में बाजी मारी और आर्चर को 8 करोड़ की बड़ी रकम में खरीदा था। हालांकि उन्हें हार्दिक पांड्या, क्विंटन डी कॉक और क्रुणाल पांड्या जैसे खिलाड़ियों की कमी जरूर खलेगी।

Quick Links

Edited by Nitesh