गर्लफ्रेंड अथिया शेट्टी के साथ मुंबई में शिफ्ट हो सकते हैं स्टार भारतीय क्रिकेटर केएल राहुल

अथिया के साथ मुंबई में शिफ्ट हो सकते हैं राहुल (Photo Credit: Instagram/AthiyaShetty)
अथिया के साथ मुंबई में शिफ्ट हो सकते हैं राहुल (Photo Credit: Instagram/AthiyaShetty)

स्टार भारतीय क्रिकेटर केएल राहुल (KL Rahul) और उनकी गर्लफ्रेंड अथिया शेट्टी (Athiya Shetty) अपने रिश्ते को लेकर काफी गंभीर हो चुके हैं। हाल ही में खबरें आई थीं कि दोनों इस साल के अंत में शादी कर सकते हैं। अब एक ताजा रिपोर्ट में दावा किया गया है कि दोनों जल्द ही मुंबई में शिफ्ट होने वाले हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि राहुल और आथिया बांद्रा में एक किराए के फ्लैट में साथ रहने का मन बना चुके हैं।

जिस घर में दोनों के रहने की खबरें चल रही हैं वह बांद्रा के रिहायशी इलाके में है और यह चार बेडरूम वाला आलीशान फ्लैट है। इस फ्लैट में रहने के लिए यह जोड़ा 10 लाख रुपये महीने का किराया चुकाएगा। दोनों के साथ रहने की अफवाहों के बाद इस साल सर्दी में इनकी शादी की रिपोर्ट्स को भी बल मिलता है। इससे पहले भी कई स्टार जोड़े शादी से पहले साथ में रह चुके हैं।

तीन साल से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं राहुल और अथिया

राहुल और अथिया के रिश्ते की शुरुआत लगभग तीन साल पहले हुई थी और इस जोड़े ने कभी भी अपने रिश्ते को छिपाने की कोशिश नहीं की है। दोनों को अक्सर साथ में छुट्टियां बिताते देखा गया है। इसके अलावा वे एक-दूसरे के लिए तमाम रोमांटिक पोस्ट भी कर चुके हैं। हाल ही में अथिया को पूरे परिवार के साथ इंडियन प्रीमियर लीग में लखनऊ सुपर जायंट्स का मैच देखते हुए देखा गया था। इस मैच में बॉलीवुड स्टार और अथिया के पिता सुनील शेट्टी भी आए थे।

राहुल के लिए पिछले कुछ साल काफी शानदार रहे हैं और वह भारतीय टीम के साथ ही IPL में भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। 2020 से ही राहुल IPL में कप्तानी कर रहे हैं और इस सीजन वह लीग में विराट कोहली के साथ संयुक्त रूप से सबसे अधिक फीस हासिल करने वाले खिलाड़ी बने थे।

Quick Links