"वह धोनी की तरह कुलदीप का मार्गदर्शन कर रहे हैं" - आईपीएल 2022 में चाइनामैन स्पिनर पर ऋषभ पंत के प्रभाव को लेकर आई बड़ी प्रतिक्रिया

ऋषभ पंत की कप्तानी में कुलदीप यादव का प्रदर्शन शानदार रहा है
ऋषभ पंत की कप्तानी में कुलदीप यादव का प्रदर्शन शानदार रहा है

कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) के बचपन के कोच कपिल देव पांडे का मानना है कि चाइनामैन स्पिनर के हालिया अच्छे प्रदर्शन में ऋषभ पंत (Rishabh Pant) की भूमिका अहम रही है। कुलदीप आईपीएल 2022 (IPL 2022) में दिल्ली कैपिटल्स (DC) की टीम का हिस्सा हैं और इस टीम में कप्तान पंत ही विकेटकीपिंग की भी भूमिका निभा रहे हैं।

पिछले कुछ सीजन की निराशा को पीछे छोड़ते हुए कुलदीप ने दिल्ली के लिए डेब्यू सीजन में ही जबरदस्त गेंदबाजी की और नौ मैचों में 17 विकेट लेकर पर्पल कैप की रेस में बने हुए हैं।

इस सीजन सबसे बड़ा बदलाव कुलदीप यादव के लिए मार्गदर्शन का रहा है, जो विकेटों के पीछे से ऋषभ पंत काफी अच्छी तरह से कर रहे हैं।

एमएस धोनी और ऋषभ पंत के कुलदीप यादव के साथ काम करने के तरीकों में समानता को देखते हुए, कोच पांडे ने टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ एक इंटरव्यू में कहा,

पंत वही कर रहे हैं जो धोनी कुलदीप के साथ करते थे। पंत धोनी की तरह उनका मार्गदर्शन कर रहे हैं। पंत ने उन पर काफी भरोसा दिखाया है। वह स्टंप्स के पीछे से उनका मार्गदर्शन कर रहे हैं, उन्हें निर्देश दे रहे हैं। मैदान पर उनका और पंत का काफी तालमेल है। वे ज्यादातर चीजों के बारे में एक ही पेज पर हैं।

एमएस धोनी ने भारतीय टीम में कुलदीप यादव की काफी मदद की। खुद चाइनामैन गेंदबाज ने कई बार अपनी सफलता का श्रेय पूर्व भारतीय विकेटकीपर को दिया है।

जब कप्तान और कोच आपका समर्थन करते हैं, तो आपको और क्या चाहिए? - कुलदीप यादव के बचपन के कोच

कुलदीप यादव को कप्तान ऋषभ पंत और कोच रिकी पोंटिंग का भरपूर समर्थन मिला है। दोनों ने कई मौकों पर कुलदीप की प्रशंसा भी की है। दोनों ने ही स्पिन गेंदबाज को आत्मविश्वास हासिल करने में मदद की और उन्हें भरोसा दिलाया कि वह टीम का अहम हिस्सा हैं।

कोच और कप्तान के समर्थन को सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण बताते हुए कुलदीप यादव के बचपन के कोच पांडे ने कहा,

वह दिल्ली कैपिटल्स के शुक्रगुजार हैं कि उन्होंने उन्हें यह मौका दिया। दिल्ली ने उन पर भरोसा दिखाया और वह उस भरोसे को सही साबित कर रहे हैं। उसे मानसिक सहारे की जरूरत है और वह (ऋषभ) पंत और (रिकी) पोंटिंग से मिला। पोंटिंग और पंत ने उन्हें मैदान में जाकर खुद को एक्सप्रेस करने के लिए कहा है और वह ऐसा ही कर रहे हैं। उन्हें पोंटिंग और पंत का पूरा समर्थन है। जब कप्तान और कोच आपका समर्थन करते हैं, तो आपको और क्या चाहिए?

Quick Links

Edited by Prashant Kumar