Australian Players with Most Sixes in IPL: इंडियन प्रीमियर लीग को जो चीज सबसे खास बनाती है वो इसमें लगने वाले चौके-छक्के हैं। भारतीय प्लेयर्स के साथ कई विदेशी खिलाड़ियों का भी रिकॉर्ड आईपीएल में बेहद शानदार रहा है। ऑस्ट्रेलिया के कई खिलाड़ियों ने आईपीएल में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इसमें रिकी पोंटिंग, शेन वॉटसन, ग्लेन मैक्सवेल और मिचेल स्टार्क जैसे खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं। इस आर्टिकल में हम उन तीन ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के बारे में जिक्र करेंगे, जिन्होंने IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाए हैं।
3. 35 - शेन वॉटसन (2018)
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर शेन वॉटसन की गिनती आज भी सबसे दमदार प्लेयर्स में होती है, जो बल्ले के साथ-साथ गेंद के जरिए भी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाया करते थे। आईपीएल 2018 में वह पहली बार चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा बने थे और कमाल का प्रदर्शन किया था। उन्होंने 15 मुकाबलों में 39 से ऊपर की औसत से 555 रन बनाए थे, जिसमें 2 शतक और इतने ही अर्धशतक शामिल थे। इस दौरान वॉटसन के बल्ले से 35 छक्के निकले थे।
2. 36 - ग्लेन मैक्सवेल (2014)
दाएं हाथ के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर काबिज हैं, जो आईपीएल के मौजूदा सीजन में पंजाब किंग्स की टीम का हिस्सा हैं। आईपीएल 2014 में मैक्सवेल का बल्ला जमकर गरजा था। उन्होंने सीजन के दौरान 16 मुकाबले खेले थे और 34.50 की औसत से 552 रन बनाए थे। मैक्सवेल ने कुल 4 फिफ्टी लगाई थीं और 95 रन उनका उच्चतम स्कोर रहा था। उस सीजन में मैक्सवेल के बल्ले से 36 छक्के निकले थे।
1. 37 - मिचेल मार्श (2025)
मिचेल मार्श आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बने गए हैं। 18वें सीजन में मार्श लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम का हिस्सा रहे और उन्होंने बेहतरीन फॉर्म का शानदार नमूना पेश किया। मार्श ने 13 मैचों में 627 रन बनाए। उन्होंने ये रन 48.23 की औसत से बनाए। इसमें 1 शतक और 6 अर्धशतक भी शामिल हैं। इस सीजन में मार्श के बल्ले से 37 गगनचुंबी छक्के निकले।