Mitch Owen Replaces Glenn Maxwell: IPL 2025 अब तक पंजाब किंग्स के लिए अच्छा रहा है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम अपने प्रशंसकों की उम्मीदों पर खरी उतरी है। अब पंजाब के खेमे में एक बड़ा बदलाव आया है। कुछ दिनों पहले खबरें सामने आई थी कि ग्लेन मैक्सवेल चोटिल हैं और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबले में वो हिस्सा लेते हुए भी दिखाई नहीं दिए थे। अब उनकी जगह पंजाब किंग्स ने एक तूफानी बल्लेबाज को अपने साथ जोड़ने का फैसला किया है।
IPL ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर बताया कि पंजाब किंग्स ने चोटिल ग्लेन मैक्सवेल की जगह टीम में मिचेल ओवेन को जगह दी है। मैक्सवेल उंगली में चोट के कारण आगे टीम के साथ बने नहीं रह पाएंगे। आपको बता दें कि मिचेल तस्मानिया, ऑस्ट्रेलिया से आते हैं। वो अपनी शानदार बल्लेबाजी के साथ ही गेंदबाजी के लिए भी चर्चित हैं।
मिचेल ओवेन अपनी धक्कड़ बल्लेबाजी के चलते फैंस के बीच चर्चा का विषय बने हैं। उन्होंने अब तक 34 टी20 मुकाबलों में हिस्सा लिया है और 646 रन बनाए हैं। वो दो शतक लगा चुके हैं और इसी बीच उनका सर्वाधिक स्कोर 108 रन है। ऑस्ट्रेलिया के इस ऑल राउंडर ने 10 विकेट भी अर्जित किए हैं। मिचेल को तीन करोड़ की राशि में पंजाब किंग्स में शामिल किया गया है।
IPL 2025 ग्लेन मैक्सवेल के लिए बल्ले से अच्छा नहीं जा रहा था। उन्होंने कुल 7 मुकाबले खेले और सिर्फ 48 रन बनाए। उनका औसत मात्र 8.00 का रहा। गेंदबाजी की बात करें, तो इस ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने चार विकेट झटके थे। ग्लेन को जब शुरुआत में टीम में जगह मिली थी, तो फैंस को उनसे तूफानी बल्लेबाजी की उम्मीद थी लेकिन वो बुरी तरह फेल हो रहे थे।
ग्लेम मैक्सवेल का इसी बीच चोटिल हो जाना और भी बुरा रहा। खैर, उम्मीद है कि वो जल्द ही ठीक हो जाएंगे और आने वाले सीजन में अपने धमाकेदार प्रदर्शन से दोबारा फैंस का दिल जीतेंगे। मिचेल ओवेन ने पिछले कुछ समय में अपनी छाप छोड़ी है। देखना होगा कि उन्हें पंजाब किंग्स द्वारा सीधे प्लेइंग इलेवन में जगह मिलती है, या फिर उन्हें अपने मौके के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा।