SLvIND: महेंद्र सिंह धोनी ने 300वें मैच में बनाया विश्व रिकॉर्ड

श्रीलंका के खिलाफ चौथे एकदिवसीय में भारत ने 168 रनों की शानदार जीत दर्ज की और पांच मैचों की सीरीज में 4-0 की बढ़त ले ली है। भारत ने 375 रनों का विशाल स्कोर बनाया था, जिसके जवाब में श्रीलंका सिर्फ 207 रन ही बना सकी। मैन ऑफ़ द मैच विराट कोहली और रोहित शर्मा ने शानदार शतक लगाया और टीम के बड़े स्कोर की नींव रखी थी। इसके अलावा महेंद्र सिंह धोनी ने 300 एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय खेलने का रिकॉर्ड बनाया। आइये नज़र डालते हैं मैच में बने सभी रिकॉर्ड पर: # महेंद्र सिंह धोनी 300 एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय खेलने वाले भारत के छठे और विश्व के 20वें खिलाड़ी बने। # महेंद्र सिंह धोनी ने अपने 300वें मैच में सबसे ज्यादा बार नॉट आउट (73) रहने का विश्व रिकॉर्ड बनाया। अपनी 49 रनों की नाबाद पारी के दौरान उन्होंने श्रीलंका के चमिंडा वास और दक्षिण अफ्रीका के शॉन पोलक का रिकॉर्ड तोड़ा। # विराट कोहली ने सिर्फ 185 पारियों में अपना 29वां शतक लगाया। सचिन तेंदुलकर ने 265 और रिकी पोंटिंग ने 330 पारियों में ये रिकॉर्ड बनाया था। इसके अलावा कोहली ने सबसे ज्यादा शतक के मामले में सनथ जयसूर्या (28) का रिकॉर्ड भी तोड़ा। # लसिथ मलिंगा ने अपने 300 विकेट पूरे किये और ऐसा करने वाले विश्व के 11वें और श्रीलंका के चौथे गेंदबाज बने। # रोहित शर्मा ने अपना 13वां शतक लगाया और उनके पिछले 10 शतकीय स्कोर 120 से ऊपर थे। आज उन्होंने 104 रन बनाया। # विराट कोहली और रोहित शर्मा ने दूसरे विकेट के लिए 219 रन जोड़े और इन दोनों के बीच ये 150 से ऊपर की आठवीं साझेदारी है। रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली (12) के नाम है। # विराट कोहली ने 44वीं पारी में श्रीलंका के खिलाफ 7 शतक की मदद से 2000 रन पूरे किये। रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर (40 पारी) के नाम है। # श्रीलंका की 168 रनों की हार श्रीलंका में उनकी सबसे बड़ी हार है। # विराट कोहली दोहरे शतक की 10 साझेदारियों में शामिल हो चुके हैं और ये एक विश्व रिकॉर्ड है। # कोहली ने भारत के 25 ओवरों से पहले अपना शतक पूरा किया और टीम के ओवरों के हिसाब से ये उनका सबसे तेज़ शतक है।

Edited by Staff Editor