WPL के दौरान महिला क्रिकेट इतिहास में सबसे तेज गेंद फेंकने का बना रिकॉर्ड, प्रमुख गेंदबाज ने किया कारनामा

शबनम इस्माइल (Photo Credit - WPL 2024)
शबनम इस्माइल (Photo Credit - WPL 2024)

वुमेंस प्रीमियर लीग (WPL 2024) में मंगलवार को दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच हुए मैच के दौरान एक बड़ा रिकॉर्ड बना। मुंबई इंडियंस (MI) की तरफ से खेलने वाली साउथ अफ्रीका की तेज गेंदबाज शबनम इस्माइल ने वुमेंस क्रिकेट इतिहास में सबसे तेज गेंद डालने का रिकॉर्ड बनाया। वुमेंस क्रिकेट में जबसे स्पीड रिकॉर्ड होना शुरु हुआ है, ये अब तक की सबसे तेज गेंद थी।

दिल्ली कैपिटल्स की टीम इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी कर रही थी। मुंबई इंडियंस की तरफ से तीसरे ओवर में गेंदबाजी के लिए शबनम इस्माइल आईं। उनके सामने दिल्ली की कप्तान मेग लैनिंग थीं। शबनम ने इस दौरान फुल लेंथ की गेंद मेग लैनिंग को डाली और ये गेंद सीधा उनके पैड पर जाकर लगी। इस पर पगबाधा की अपील की गई लेकिन अंपायर ने नकार दिया।

शबनम इस्माइल ने 132.1 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से डाली गेंद

वहीं जब इस गेंद की स्पीड सामने आई तो हर कोई हैरान रह गया। शबनम ने 132.1 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से इस गेंद को डाला था। स्पीड रिकॉर्डर शुरु होने के बाद से वुमेंस क्रिकेट इतिहास में ये पहली बार है जब किसी भी तेज गेंदबाज ने 130 किलोमीटर प्रति घंटे का आंकड़ा पार किया है। इंटरनेशनल क्रिकेट में भी इस्माइल के नाम ही सबसे तेज गेंद डालने का रिकॉर्ड दर्ज है।उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2016 में 128 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद डाली थी।

हालांकि इस मैच में शबनम इस्माइल का प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा। उन्होंने अपने 4 ओवरों के स्पेल में 46 रन दे दिए और सिर्फ एक ही विकेट ले पाईं। दिल्ली कैपिटल्स ने 192 रनों का विशाल स्कोर बनाया, जिसके जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 8 विकेट खोकर 163 रन ही बना पाई। इस तरह से दिल्ली ने अपने होम ग्राउंड में जबरदस्त जीत हासिल की।

Quick Links

App download animated image Get the free App now