NZ A vs IND A, पहला अनाधिकारिक टेस्ट: भारत ए की पहली पारी 216 रन पर सिमटी, शुभमन गिल की बेहतरीन पारी

हनुमा विहारी-शुभमन गिल
हनुमा विहारी-शुभमन गिल

क्राइस्टचर्च में भारत ए के खिलाफ पहले अनाधिकारिक टेस्ट के पहले दिन का खेल समाप्त होने तक न्यूजीलैंड ए ने 2 विकेट पर 105 रन बनाए। पहली पारी के आधार पर वे अभी भारत से 111 रन पीछे हैं। विल यंग 26 और एजाज पटेल 1 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत की पहली पारी 216 रन पर समाप्त हो गई।

टॉस हारकर पहले खेलने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। मयंक अग्रवाल बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद अभिमन्यु इस्वरन भी आठ रन बनाकर आउट हो गए। प्रियांक पांचाल (18) के आउट होते ही भारत की स्थिति खराब हो गई। इस समय स्कोर 34/3 था। यहाँ से शुभमन गिल और हनुमा विहारी ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए चौथे विकेट के लिए अहम शतकीय साझेदारी निभाई। हनुमा विहारी 51 रन बनाकर आउट हुए। शुभमन गिल अर्धशतक के बाद भी अच्छा खेल रहे थे लेकिन 85 रन के निजी स्कोर पर उन्होंने संयम खो दिया और पवेलियन लौट गए। भारत की टीम 216 रन पर आउट हो गई। न्यूजीलैंड के लिए पहली पारी में माइकल राई ने चार विकेट चटकाए। उनके अलावा कोल मैकोंची ने तीन विकेट प्राप्त किये।

यह भी पढ़ें:तीसरे टी20 में भारत की जीत के बाद रोहित शर्मा को लेकर आई प्रतिक्रियाएं

जवाब में खेलने के लिए मैदान पर आई कीवी टीम को पहला झटका हामिश रदरफोर्ड के रूप में लगा। उन्होंने 28 रन बनाए। इसके बाद रचिन रविन्द्र (47) और विल यंग ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की। रविन्द्र दिन के अंतिम सेशन की समाप्ति के कुछ समय पहले ही आउट होकर पवेलियन लौटे। विल यंग ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए 26 रन बनाए और नाबाद लौटे। एजाज पटेल एक रन पर नाबाद हैं। न्यूजीलैंड ए की टीम पहली पारी के आधार पर भारत से अभी 111 रन पीछे है। मोहम्मद सिराज और ईशान पोरेल ने भारत ए के लिए अभी तक एक-एक सफलता अर्जित की है।

Quick Links