CWC 2023 : ग्लेन मैक्सवेल ने बल्ले से मचाई तबाही, वर्ल्ड कप इतिहास का जड़ा सबसे तेज शतक

India Cricket WCup
India Cricket WCup

आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 (ICC Cricket World Cup 2023) के 24वें मुकाबले में आज ऑस्ट्रेलिया और नीदरलैंड्स (Australia vs Netherlands) के बीच भिड़ंत हो रही है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। यह मैच ऑस्ट्रेलिया के स्टार आलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell) के लिए बहुत खास रहा। इस मुकाबले में उन्होंने अपने बल्ले से तबाही मचाते हुए तूफानी शतक जड़ा। वहीं आज वह वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे तेज शतक जड़ने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं।

नीदरलैंड्स के खिलाफ बल्ले से तूफानी पारी खेलते हुए ग्लेन मैक्सवेल ने महज 40 गेंदों पर शतक जड़ दिया। मैक्सवेल ने नीदरलैंड्स के हर गेंदबाज की जमकर धुनाई की। मैक्सवेल ने अपनी पारी में 44 गेंदों का सामना करते हुए 9 चौके और 8 छक्कों की मदद से 106 रनों की शतकीय पारी खेली। उन्होंने आज वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज शतक भी जड़ा। उनसे पहले इस लिस्ट में पहले स्थान पर एडन मार्करम का नाम था। उन्होंने इसी वर्ल्ड कप में श्रीलंका के खिलाफ 49 गेंदों में शतक जड़ा था।

वनडे वर्ल्ड कप में सबसे तेज शतक जड़ने वाले लिस्ट में तीसरे नंबर पर आयरलैंड के खिलाड़ी केविन ओ ब्रायन का नाम है। उन्होंने साल 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ 50 गेंदों पर शतक जड़ा था। इस लिस्ट में चौथे नंबर पर फिर ग्लेन मैक्सवेल का ही नाम है। उन्होंने साल 2015 में सिडनी में श्रीलंका के खिलाफ 51 गेंदों पर शतकीय पारी खेली थी। पांचवें नंबर पर दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डीविलियर्स का नाम है। उन्होंने साल 2015 में सिडनी में खेलते हुए वेस्टइंडीज के खिलाफ तूफानी शतक लगाया था।

ग्लेन मैक्सवेल ने आज नीदरलैंड्स के खिलाफ अपना आक्रमक अंदाज दिखाते हुए यह फिर से साबित कर दिया कि क्यों उन्हें दुनिया का सबसे विस्फोटक और खतरनाक खिलाड़ी माना जाता है।

Quick Links

App download animated image Get the free App now