CWC 2023: कोर्ट के आदेश के बाद श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड फिर से बहाल, खेल मंत्री ने किया था बर्खास्त

India Cricket WCup
India Cricket WCup

वर्ल्ड कप 2023 (ICC Cricket World Cup 2023) में श्रीलंकाई टीम (Sri Lanka Cricket Team) का प्रदर्शन इस बार काफी खराब रहा है। टीम को टूर्नामेंट में कई हार झेलनी पड़ी हैं और सेमीफाइनल के दौड़ से भी बाहर हो चुकी है। वहीं टीम के खराब प्रदर्शन को देखते हुए श्रीलंकाई खेल मंत्री रोशन रणसिंघे ने सोमवार को पूरे क्रिकेट बोर्ड (Sri Lanka Cricket Board) को बर्खास्त कर दिया था। खेल मंत्री के इस फैसले के बाद बोर्ड ने कोर्ट का रुख किया जिसके बाद कोर्ट ने खेल मंत्री के फैसले को पलटते हुए, बोर्ड को फिर से बहाल किये जाने की बात कही।

श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा ने खेल मंत्री के फैसले के बाद कोर्ट में याचिका डाली थी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर ली। याचिका में श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड को बर्खास्त करने और अंतरिम समिति नियुक्त करने के लिए मंत्री रोशन रणसिंघे के कदम को चुनौती दी गई थी। कोर्ट के एक अधिकारी ने बताया, ‘बोर्ड की बहाली फिलहाल दो सप्ताह के लिए है। इसके बाद अदालत मामले की फिर से सुनवाई करेगी।'

बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि सिल्वा और पूर्व कप्तान अर्जुन रणतुंगा की अध्यक्षता वाली अंतरिम समिति को पद पर बने रहने से रोकने का आदेश हासिल करने के बाद काम पर लौटना था। सरकार ने बोर्ड के बाकी के मुद्दों के समाधान के लिए एक कैबिनेट समिति भी नियुक्त की थी।

श्रीलंका के खेल मंत्री रोशन रणसिंघे ने श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। उनके और बोर्ड के बीच महीनों से विवाद चल रहा है। वहीं भारतीय टीम से वर्ल्ड कप 2023 में श्रीलंका को 302 रनों से मिली शर्मनाक हार के बाद, रणसिंघे ने राष्ट्रीय क्रिकेट बोर्ड से सार्वजनिक रूप से इस्तीफे की मांग की थी।

आपको बता दें कि भारतीय टीम के खिलाफ श्रीलंकाई टीम महज 55 रनों पर आलआउट हो गई थी। वर्ल्ड कप में श्रीलंकाई टीम के खराब प्रदर्शन ने फैंस को भी काफी निराश किया है।

Quick Links

App download animated image Get the free App now