IPL 2023: मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े में पहली बार खेलेंगे हार्दिक पांड्या, मैदान पर मारी जबरदस्त एंट्री

Photo Courtesy : IPL Website and BCCI
Photo Courtesy : IPL Website and BCCI

इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में शुक्रवार को गुजरात टाइटंस (GT) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच मैच वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। पहली बार इस स्टेडियम में दोनों टीमों का आमना-सामना होगा। इस स्टेडियम में पहली बार हार्दिक पांड्या को मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलते देखा जाएगा। मैच से पहले वह अपने पुराने घरेलू मैदान पर पहुंचे। गुजरात टाइटंस ने उनकी एंट्री का वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया है।

बता दें कि हार्दिक पांड्या के आईपीएल करियर की शुरुआत 2015 में हुई थी। उन्होंने 7 सीजन मुंबई इंडियंस के लिए खेले। साल 2021 के बाद दोनों की राहें जुदा हो गई। आईपीएल 2022 से पहले लीग में दो नई टीमों की एंट्री हुई। गुजरात टाइटंस ने मेगा ऑक्शन से पहले ड्राफ्ट सिस्टम से उन्हें चुना। टीम ने उन्हें अपना कप्तान बनाया। पहली ही सीजन में फ्रेंचाइजी को उन्होंने चैंपियन बना दिया।

इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस का अबतक दो बार आमना-सामना हुआ है। साल 2022 में दोनों टीमों में एक बार भिड़ंत हुई थी। ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेले गए इस मैच में रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम ने 5 विकेट से जीत दर्ज की थी। वहीं दूसरा मुकाबला आईपीएल 2023 में हुआ।

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस को 55 रन से जीत मिली थी। पिछले साल की विजेता टीम गुजरात इस साल भी प्लेऑफ की रेस में सबसे आगे चल रही है। टीम 11 मैचों में 16 अंक के साथ शीर्ष पर है। उसका प्लेऑफ में पहुंचना लगभग तय है। वहीं मुंबई की टीम 11 में से 6 मैच जीतकर अंक तालिका में तीसरे नंबर पर है। टीम के प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अगले 3 मैचों में अच्छा प्रदर्शन करना होगा।

Quick Links