SA vs IND: सूर्यकुमार यादव ने बल्ले से किया कमाल, शतक जड़ रोहित शर्मा और मैक्सवेल के रिकॉर्ड की बराबरी की

South Africa India Cricket
सूर्यकुमार यादव का जमकर चल रहा है बल्ला

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में आज भारतीय टीम उतरी है। दोनों टीमों के बीच यह मैच जोहानिसबर्ग के न्यू वॉन्डर्स स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 201 रन बनाए। भारत की ओर से कप्तान सूर्यकुमार यादव (Surya Kumar Yadav) ने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए शानदार शतक जड़ा। इस शतक के दमपर सूर्यकुमार यादव ने रोहित शर्मा (Rohit Sharma) और ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell) के बड़े रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली।

दरअसल, सूर्यकुमार यादव ने आज दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का चौथा शतक लगाया। अब वह टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में रोहित शर्मा और ग्लेन मैक्सवेल के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर काबिज हो गए हैं।

सूर्यकुमार यादव ने यह खास उपलब्धि अपने 60वें टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में ही हासिल की है। दूसरी ओर रोहित शर्मा की बात करें तो उन्होंने 148 टी20 मुकाबले में चार शतकीय पारी खेली है। वहीं ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज आलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने 100 टी20 मुकाबले में 4 शतक लगाए हैं। मैच की संख्या के हिसाब से सूर्यकुमार यादव ने यह रिकॉर्ड बड़ी जल्दी हासिल किया है।

सूर्यकुमार यादव जिस तरह की फॉर्म में चल रहे हैं उसे देखकर यही लगता है कि वह बहुत जल्द रोहित शर्मा और ग्लेन मैक्सवेल को पीछे छोड़ते हुए टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।

शतक के रिकॉर्ड के अलावा सूर्यकुमार यादव ने आज विराट कोहली को भी छक्के लगाने के मामले में पछाड़ दिया है। सूर्यकुमार यादव अब भारत की ओर से दूसरे सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उनके नाम अब टी20 इंटरनेशनल करियर में 123 छक्के हो गए हैं। इससे पहले दूसरे स्थान पर विराट कोहली कायम थे। उन्होंने 115 टी20 मैचों में 117 छक्के लगाए थे। इस लिस्ट में पहले नंबर पर रोहित शर्मा हैं। जिन्होंने 148 टी20 मैचों में 182 छक्के लगाए हैं।

Quick Links

Edited by Rahul VBS
App download animated image Get the free App now