सूर्यकुमार यादव की पत्नी ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया रहस्यमयी पोस्ट, बाद में किया डिलीट

Neeraj
Photo Courtesy: Suryakumar Yadav Instagram
Photo Courtesy: Suryakumar Yadav Instagram

शुक्रवार को मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) की फ्रेंचाइजी ने अपनी कप्तानी में बड़ा बदलाव किया, जिसके बाद सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) की पत्नी देविशा शेट्टी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक रहस्यमयी पोस्ट शेयर किया। हालाँकि, थोड़े समय बाद ही उन्होंने उसे डिलीट भी कर दिया था। बता दें कि मुंबई ने रोहित शर्मा की छुट्टी करते हुए स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को कप्तान नियुक्त कर दिया है। पांड्या को मुंबई ने रिटेंशन प्रकिया के दौरान गुजरात से ट्रेड किया था।

अब आईपीएल 2024 में वो रोहित की जगह लेंगे जो पिछले दस सालों से इस पद पर नियुक्त थे। फ्रेंचाइजी के इस फैसले से मुंबई और रोहित शर्मा के फैंस काफी नाराज दिखे। वहीं, इस बीच सूर्या की पत्नी देविशा ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर की जिस पर लिखा था,

आप लोगों के साथ जिस तरह से व्यवहार करते हैं वह हमेशा याद रखा जाएगा।
देविशा शेट्टी की इंस्टा स्टोरी का स्क्रीनशॉट
देविशा शेट्टी की इंस्टा स्टोरी का स्क्रीनशॉट

सूर्या ने खुद भी फ्रेंचाइजी के इस बड़े फैसले के बाद इंस्टाग्राम पर एक टूटे दिल वाली इमोजी की तस्वीर शेयर की थी, जिसे फैंस ने रोहित शर्मा के साथ जोड़ा था। सूर्या इन दिनों दक्षिण अफ्रीका में भारतीय टीम के स्क्वाड का हिस्सा हैं। टी20 सीरीज के आखिरी मैच में उन्होंने शानदार शतक भी लगाया था।

कप्तान के तौर पर हार्दिक पांड्या के नाम की घोषणा होने से पहले सूर्यकुमार यादव को मुंबई इंडियंस के भविष्य के कप्तानों में से एक माना जा रहा था। हालाँकि, आईपीएल 2024 के मिनी ऑक्शन से पहले मुंबई ने पांड्या को जीटी से ट्रेड किया और उनके कप्तान बनने की घोषणा कर दी।

गौरतलब है कि रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी में मुंबई इंडियंस को लीग की सबसे सफल फ्रेंचाइजियों में से एक बनाया। उनकी अगुवाई में टीम ने 2013, 2015, 2017, 2019, और 2020 में टाइटल अपने नाम किया था। वहीं, हार्दिक ने पिछले दो सालों में गुजरात टाइटंस की कप्तानी करते हुए उन्हें एक बार विजेता और एक बार उपविजेता बनाया था।

Quick Links