रमीज राजा ने भारत का उदाहरण देते हुए पाकिस्तानी फैंस की कड़ी आलोचना की

Pakistan v England - 7th IT20
पाकिस्तानी टीम को हाल ही में इंग्लैंड से हार का सामना करना पड़ा था

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन रमीज राजा ने अपने देश के फैंस की कड़ी आलोचना की है। बाबर आजम के स्ट्राइक रेट पर सवाल उठाने के लिए रमीज राजा ने पाकिस्तानी फैंस की आलोचना की। उन्होंने इसके लिए भारतीय फैंस का उदाहरण दिया कि किस तरह विराट कोहली (Virat Kohli) के एक शतक के बाद भारतीय फैंस सबकुछ भूल गए, जबकि पाकिस्तानी फैंस लगातार बाबर आजम की आलोचना करते हैं।

दरअसल बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान पाकिस्तान के लिए लगातार रन बना रहे हैं। हालांकि इन बल्लेबाजों का स्ट्राइक रेट उतना अच्छा नहीं रहता है। इसी वजह से पाकिस्तानी फैंस इनकी जमकर आलोचना करते हैं। हाल ही में पाकिस्तान को इंग्लैंड के खिलाफ हार का भी सामना करना पड़ा। इसी वजह से कई पूर्व क्रिकेटरों ने भी पाकिस्तान की काफी आलोचना की और टी20 वर्ल्ड कप टीम पर भी सवाल उठाए।

पाकिस्तानी टीम की कुछ ज्यादा ही आलोचना ज्यादा होती है - रमीज राजा

रमीज राजा के मुताबिक पाकिस्तान टीम की आलोचना ज्यादा होती है। उन्होंने इसके लिए टीम इंडिया और विराट कोहली का उदाहरण दिया। रमीज राजा के मुताबिक भारतीय फैंस अपने प्लेयर्स और खिलाड़ियों की उतनी आलोचना नहीं करते हैं। उन्होंने कहा,

हम एशिया कप के फाइनल तक पहुंचे और वहां पर अच्छा नहीं खेल पाए। ठीक है, ऐसा होता है और खराब दिन आता है। दूसरी टीमें भी थीं जो एशिया कप खेलने आई थीं। मतलब भारतीय टीम फाइनल में नहीं पहुंच पाई, इसके लिए तो उनकी काफी आलोचना होनी चाहिए थी लेकिन उनके फैंस और मीडिया ने ऐसा नहीं किया। जब विराट कोहली ने अफगानिस्तान के खिलाफ शतक लगाया तो उनके फैंस पूरा एशिया कप भूल गए। क्या हम कभी ऐसा करेंगे ? हम कहते हैं कि बाबर आजम ने शतक लगाया लेकिन उनका स्ट्राइक रेट 135 का ही था, जबकि डेविड वॉर्नर का स्ट्राइक रेट 147.3 का था। इसलिए ये बेकार की बातें हैं।

Quick Links

Edited by सावन गुप्ता