ईशान किशन के पहली गेंद पर छक्का मारने वाले बयान को लेकर आई बड़ी प्रतिक्रिया

ईशान किशन ने अपने वनडे डेब्यू में पहली ही गेंद पर छक्का लगाया
ईशान किशन ने अपने वनडे डेब्यू में पहली ही गेंद पर छक्का लगाया

पूर्व भारतीय खिलाड़ी रितेंदर सिंह सोढ़ी (Reetinder Sodhi) ने ईशान किशन (Ishan Kishan) के उस बयान को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है जिसमें उन्होंने कहा था कि अपने वनडे डेब्यू में वो पहली ही गेंद पर छक्का मारेंगे। रितेंदर सोढ़ी के मुताबिक इससे पता चलता है वर्तमान में भारतीय टीम (Indian Cricket Team) कितना खुलकर खेलती है और उनका एप्रोच कैसा है।

इंडिया न्यूज पर बातचीत के दौरान रितेंदर सोढ़ी ने ईशान किशन के एप्रोच को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा,

ये काफी बड़ी चीज है और उनकी सोच काफी पॉजिटिव रही। इससे पहले इस तरह की निडरता नहीं होती थी। अब ये युवा खिलाड़ी विरोधी टीम पर अटैक करना चाहते हैं लेकिन ये भी जानना जरूरी है कि ऐसा कब करना चाहिए। अगर आप अपने वनडे डेब्यू की पहली गेंद पर छक्का लगा रहे हैं और इसकी कोई जरूरत नहीं है तो आप एक बड़ा रिस्क ले रहे हैं। लेकिन ये खिलाड़ी रिस्क लेना चाहते हैं और आईपीएल इसके पीछे एक बड़ा कारण है क्योंकि वहां पर अपनी-अपनी टीमों के लिए ये मैच विनर प्लेयर हैं।

आपको बता दें कि ईशान किशन ने श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में अपना डेब्यू किया और इस दौरान शानदार पारी खेली। उन्होंने आते ही पहली ही गेंद पर छक्का लगा दिया और 42 गेंद पर 8 चौके और 2 छक्के की मदद से 59 रन बनाए। वो वनडे डेब्यू में पहली ही गेंद पर छक्का लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए।

ईशान किशन ने पहले ही कह दिया था कि वो पहली गेंद पर छक्का मारेंगे

ईशान किशन ने एक चौंकाने वाला खुलासा भी किया और बताया कि मैदान में आने से पहले ही उन्होंने सभी खिलाड़ियों को ड्रेसिंग रूम में बता दिया था कि वो पहली गेंद पर छक्का मारेंगे। उन्होंने कहा था कि चाहे जहां गेंदबाज गेंद डालेगा मैं छक्का मारूंगा।

सबसे खास बात ये थी कि ईशान किशन का वनडे डेब्यू उनके जन्मदिन के मौके पर हुआ और अपनी जबरदस्त पारी के दम पर उन्होंने इसे और भी खास बना दिया। उनकी इस पारी की बदौलत टीम इंडिया ने श्रीलंका को 7 विकेट से हरा दिया। पहले खेलते हुए श्रीलंका ने 9 विकेट पर 262 रन बनाए। जवाब में खेलते हुए भारतीय टीम ने 37वें ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया।

Quick Links

Edited by सावन गुप्ता